भारतीय रेलवे ने पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटकों को रेलयात्रा के लिए आकर्षित करने के मकसद से नई पहल शुरू की है।
लखनऊ. भारतीय रेलवे ने पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटकों को रेलयात्रा के लिए आकर्षित करने के मकसद से नई पहल शुरू की है। इसके तहत रेलवे स्टेशनों पर तैनात अफसरों को पर्यटकों की सुविधा का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किये जाने की पहल हुई है। रेलवे बोर्ड नई दिल्ली के निर्देश पर पूर्वोत्तर रेलवे ने लखनऊ सहित अन्य स्टेशनों पर पर्यटन पर्व के नाम से विशेष अभियान की शुरुआत की है।
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर शुरू हुई पहल
रेलवे बोर्ड नई दिल्ली के निर्देश पर पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए प्रत्येक क्षेत्रीय रेलवे के विभिन्न मंडलों पर 05 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2017 तक ’पर्यटन पर्व’ मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत स्टेशनों पर पर्यटन स्थलों से संबधित बैनर पोस्टर लगाये गये हैं और सूचना व उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से ट्रेनों की सूचना के साथ-साथ नजदीकी पर्यटन स्थलों की जानकारी भी प्रदान की जा रही है। इसके अलावा फ्रंट लाइन स्टाफ को पर्यटकों एवं आम यात्रियों खासकर विदेशी पर्यटकों से नम्रतापूर्वक व्यवहार करने के लिए कहा गया है। स्टेशन परिसर के वातावरण को बेहतर बनाने के लिए साफ-सफाई व खानपान सुविधाओं को लेकर विशेष निगरानी की जा रही है ।
लखनऊ मंडल में नामित किये गए अधिकारी
’पर्यटन पर्व’ को सफल बनाने के लिए मंडल के अधिकारियों को गोरखपुर जंक्शन, खलीलाबाद, मगहर, नौगढ़, बढ़नी, बहराइच, बलरामपुर, तुलसीपुर, नौतनवां, स्वामी नारायण छपिया स्टेशन, सीतापुर, सीतापुर कैंट, डालीगंज स्टेशन, लखनऊ सिटी, बादशाहनगर स्टेशन, दुधवा, मैलानी, कटरा और लखनऊ जंक्शन स्टेशनों के निरीक्षण के लिए नामित किया गया है ।