
लखनऊ. Kalyan Singh Dies at 89- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने लखनऊ में यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह (Kalyan Singh) के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन करने के बाद उन्हें श्रद्धांजलि दी। शोक संतप्त परिवार को ढांढस बधाया। इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे। 23 अगस्त को अलीगढ़ के नरौरा में गंगा तट पर कल्याण सिंह अंतिम संस्कार किया जाएगा। कल्याण सिंह के निधन के बाद यूपी में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। अंतिम संस्कार के दिन 23 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। शनिवार को राजधानी लखनऊ के एसजीपीजीआई में 89 वर्षीय कल्याण सिंह का निधन हो गया, वह लंबे समय से बीमार थे। उनकी पार्थिव देह को रात से उनके पौत्र व योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री संदीप सिंह के सरकारी आवास पर रखा गया है।
कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम सभी के लिए शोक की घड़ी है। देश ने एक मूल्यवान शख्सियत, एक नामचीन नेता खोया है। कल्याण सिंह ने अपने जीवन में कई ऐसे काम किए जिससे उनका नाम सार्थक हुआ। जीवन भर उन्होंने जनकल्याण के लिए काम किया। भारत के कोने-कोने में वह एक विश्वास का नाम बन गये थे। उन्हें जब भी जो दायित्व मिला, चाहे विधायक, मुख्यमंत्री, सांसद या फिर गर्वनर हर विधा में जनता की सेवा की। हमेशा दूसरों के लिए प्रेरणा का केंद्र बने। प्रधानमंत्री ने कहा कि हम कल्याण सिंह के सपनों को पूरा करने में कोई कमी न रखें। प्रभु श्रीराम से कामना है कि वह कल्याण सिंह की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिवार को दुख सहने की शक्ति दें।
सुबह-सुबह लखनऊ पहुंचे पीएम मोदी
रविवार सुबह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विशेष विमान से लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशल एयरपोर्ट, अमौसी पर उतरे। वहां पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, सीएम योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने उनकी अगवानी की। यहां से सीधे वह कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन करने पहुंचे।
कल्याण सिंह का अंतिम दर्शन को पहुंचे राजनाथ
केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी लखनऊ पहुंचकर कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी। उनके अलावा डिप्टी सीएम केशप प्रसाद मौर्य सहित योगी कैबिनेट के कई मंत्री ने पूर्व सीएम को श्रद्धांजलि दी। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, 'बाबूजी' के जाने के गम को शब्दों में नहीं बांधा जा सकता है। राम मंदिर पर फैसला आने के बाद उन्होंने कहा था कि अब सुकून से संसार को त्याग सकता हूं।