लखनऊ

बड़ी खबर: लोकसभा 2019 के लिए सबसे पहले अखिलेश यादव ने खेला दांव, घोषित किया प्रत्याशी

समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश की एक विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर होने वाले उप चुनाव के लिए प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2017, 4:49 PM IST
akhilesh yadav
akhilesh yadav

लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) ने एक मामले में भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया है। दरअसल, उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव के अंतिम चरण के मतदान के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश की एक विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर होने वाले उप चुनाव के लिए प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। समाजवादी पार्टी ने कानपुर देहात की सिकन्दरा विधानसभा और फतेहपुर लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए बुधवार को प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इसी के साथ वह उप चुनाव के लिए प्रत्याशियों का ऐलान करने वाली पहली पार्टी बन गई है।

उपचुनाव में पार्टी की जीत तय...

समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बुधवार को बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा जनपद कानपुर देहात की विधानसभा क्षेत्र 207 सिकन्दरा विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए पार्टी नेता पवन कटियार को प्रत्याशी घोषित किया गया है। उन्होंने बताया कि पवन कटियार कानपुर देहात के फिरोजापुर गांव के रहने वाले हैं। राजेंद्र चौधरी ने बताया कि इस उपचुनाव में पार्टी की जीत तय है।

मथुरा प्रसाद पाल के निधन से खाली हुई थी सिकन्दरा विधानसभा सीट

समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी के मुताबिक इसके साथ ही समाजवादी पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों का बिगुल भी फूंक दिया है। इसी क्रम में पार्टी ने प्रत्याशियों का ऐलान करना शुरू कर दिया है। मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि लोकसभा चुनाव 2019 के लिए फतेहपुर लोकसभा सीट से राकेश सचान को प्रत्याशी घोषित किया गया है। मालूम हो कि सिकन्दरा विधानसभा सीट भारतीय जनता पार्टी के विधायक मथुरा प्रसाद पाल के निधन से खाली हुई थी। इस सीट पर चार दिसबंर तक नामांकन किए जाएंगे, जबकि पांच दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। सात दिसंबर तक नाम वापसी की जा सकेगी और 21 दिसंबर को मतदान होगा। उपचुनाव के परिणाम 24 दिसंबर को आएंगे।

Published on: