12 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

भाजपा के खिलाफ ये तीन पार्टियां हो रही हैं एकजुट, 2019 में खिलाएंगे बड़ा गुल

निकाय चुनाव के जरिए वेस्ट यूपी से उठने लगी 2019 में महागठबंधन की आहट
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मेरठ

•

image

Iftekhar Ahmed

•

Updated: 29 Nov 2017, 3:54 PM IST

political parties

केपी त्रिपाठी/मेरठ. प्रदेश में भाजपा के मजबूत होने के साथ ही दूसरी पार्टियां अपना वजूद बचाने के लिए महागठबंधन की बात करती रही है। लेकिन यूपी के निकाय चुनाव के बहाने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस दिशा में कुछ कदम आगे बढ़ता हुआ भी दिखाई दे रहा है। भाजपा को मात देने के लिए निकाय चुनाव में क्षेत्रीय दलों ने महागठबंधन की गठन की दिशा में जो शुरुआत की है, उसे अच्छी शुरुआत के रूप में देखा जा सकता है। यहां निकाय चुनाव में छोटे चौधरी अजित सिंह की पार्टी राष्ट्रीय लोकदल ने एक तरह से इसकी पहल कर दी है। पार्टी ने सहारनपुर नगर निगम में अपने मेयर पद के प्रत्याशी को बैठाकर बीएसपी को समर्थन का ऐलान कर दिया। इसी तरह मुजफ्फरनगर नगर पालिका चेयरमैन के लिए भी रालोद ने बीएसपी का समर्थन कर दिया है। इसी तरह से जलालाबाद नगर पंचायत में रालोद ने कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन दे दिया है।

बीजेपी को मात देने के लिए सभी गैर बीजेपी दल 2019 के आम चुनाव में महागठबंधन की कोशिश कर रहे हैं। इसकी शुरुआत बिहार से पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव ने की थी। हालांकि, मायावती ने हाल में गुजरात और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के बीएसपी को मांगी गई सीट नहीं देने के रवैये से बेहद खफा दिखीं और अकेले चुनाव लड़ने के संकेत भी दिए, लेकिन निकाय चुनाव में एक बार फिर समीकरण बदले-बदले नजर आ रहे हैं। सहारनपुर नगर निगम में बीएसपी ने मेयर प्रत्याशी फजलुर्रहमान को बनाया है। पहली बार मेयर के चुनाव में बीजेपी को मात देने के लिए आरएलडी ने बीएसपी को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। सहारनपुर बीएसपी प्रत्याशी हाजी फजलुर्रहमान के पक्ष में बाकायदा एक होटल में मीडिया के सामने आरएलडी ने बीएसपी को समर्थन देने का ऐलान किया। इस दौरान पूर्व विधायक महिपाल, जिला अध्यक्ष राव कैसर सलीम आदि मौजूद रहे।

मेरठ में मुस्लिम का झुकाव बसपा की ओर
इससे पहले आरएलडी मुजफ्फरनगर नगर पालिका में भी चेयरमैन के लिए बीएसपी को समर्थन का ऐलान कर चुका है। इसी तरह जलालाबाद नगर पंचायत में चेयरमैन के लिए आरएलडी ने कांग्रेस के साथ चुनाव लड़ने और अपना प्रत्याशी हटाने की घोषणा की थी। संकेत साफ है कि यह समर्थन गठबंधन की दिशा में उठाए गए कदमों में से एक है।

आरएलडी के भीतर जागा दलित प्रेम
वेस्ट यूपी में हमेशा से दलित और आरएलडी का बेस वोट माने जाने वाले जाट में राजनीतिक दूरी बनी रहती है, लेकिन बीते कुछ दिन से अचानक लोकदल का दलित प्रेम जाग गया है। रालोद ने संगठन में एससी-एसटी विंग बनाई है। वेस्ट यूपी में उसकी कमान दलित चेहरे नरेंद्र खजूरी को दी। उसके बाद से दलितों के मुद्दों को प्रमुखता से यह विंग उठा रही है। मुजफ्फरनगर के भूपगढ़ी में दलित उत्पीड़न के मुद्दे को लेकर इस विंग ने दो दिन वहां के डीएम को ज्ञापन दिया। दो दिन पहले मेरठ के कमिश्नर को भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर के खिलाफ लगाई गई रासुका के विरोध में ज्ञापन दिया और रिहाई की मांग की। आरोप लगाया कि हिंसा के केस में बीजेपी से जुड़े लोग मंत्रियों का मंच साझा कर रहे हैं और जमानत होने के बाद भी चंद्रशेखर को रिहा नहीं किया जा रहा। रालोद के पश्चिम उप्र के प्रभारी राजकुमार सांगवान का कहना है कि रालोद दलित उत्पीड़न के मुद्दों को लेकर पूरे वेस्ट यूपी में आवाज उठाएगी। हमारी बात बसपा, कांग्रेस से चल रही है। सब कुछ ठीक रहा तो रालोद, बसपा और कांग्रेस मिलकर 2019 का चुनाव वेस्ट यूपी में साथ लड़ेंगे।

खोने का गम नहीं, पा गए तो भला
कांग्रेस बसपा और रालोद तीनों ही पार्टियां आज अपने वजूद के लिए जूझ रही हैं। पिछले दो चुनाव में तीनों ही पार्टियां धूल चाटती नजर आई थी। रालोद जहां अपने ही गढ़ में बुरी तरह से हारी थी। वहीं वेस्ट यूपी का दलित बसपा से दूर हो गया था। यही हाल कांग्रस का भी रहा था। तीनों पार्टियों का खाता भी नहीं खुल पाया था।