लखनऊ

लखनऊ में कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग: चपेट में आईं कई झुग्गियां; 4 KM दूर तक उठा धुएं का गुबार, 10 दमकल गाड़ियां पहुंची

Lucknow Aishbagh Slum Fire Accident: लखनऊ के ऐशबाग में बुधवार शाम कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। आग ने आसपास की कई झुग्गियों को भी अपनी चपेट में ले लिया है। फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं।
less than 1 minute read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 6:22 PM IST
Lucknow Aishbagh Slum Fire Accident, UP Fire News, Lucknow News
लखनऊ के ऐशबाग इलाके में कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग (PC: ANI)

Lucknow Aishbagh Slum Fire Accident: लखनऊ के ऐशबाग इलाके में बुधवार शाम एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास बनी कई झुग्गियां भी इसकी चपेट में आ गईं। आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार करीब 4 किलोमीटर दूर से दिखाई दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग बुधवार शाम करीब 4 बजे लगी। गोदाम से धुआं उठता देखकर स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।

प्लास्टिक के सामान के कारण बार-बार भड़क रही आग

जानकारी के मुताबिक झुग्गियों में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का सामान रखा था। इसी वजह से आग तेजी से फैल गई। दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में परेशानी हो रही है। आग बुझाने के दौरान लपटें बार-बार तेज हो रही हैं। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। वहां मौजुद लोग अपना सामान छोड़कर भाग निकले। फिलहाल दमकल की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी हैं। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

आग बुझाने में जुटीं दमकल की 10 गाड़ियां

घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि, गोदाम और झुग्गियों में प्लास्टिक का कबाड़ बहुत ज्यादा मात्रा में रखा हुआ था। इसी प्लास्टिक के कारण आग बुझाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है।