इलाहाबाद-लखनऊ-पटना रूट के यात्रियों के बड़ी खुशखबरी है...
लखनऊ. इलाहाबाद और लखनऊ आने-जाने वाले यात्रियों के लिये बड़ी खुशखबरी है। रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत जेट एयरवेज ने इलाहाबाद-लखनऊ-पटना रूट के लिये टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी है। इस रूट पर 14 जून को विमान पहली उड़ान भरेगा। इसकी बुकिंग शुरू हो गई है। शुरुआती ऑफर में लखनऊ से इलाहाबाद का टिकट मात्र 757 रुपये है, जबिक इलाहाबाद से लखनऊ की यात्रा महज 967 रुपयों में की जा सकती है। पटना-इलाबाद के लिये मात्र 1006 रुपये चुकाने होंगे, वहीं इलाहाबाद-पटना के लिये 1216 रुपयों में बुकिंग की जा रही है।
जेट एयरवेज कंपनी ने 'उड़े देश का हर आम नागरिक (उड़ान)' के तहत उत्तर प्रदेश में अपनी सेवाओं की शुरुआत करते हुए इलाहाबाद-लखनऊ-पटना विमान सेवा शुरू की है। इसमें जहां ऑफर के तहत लखनऊ से इलाहाबाद जाने का टिकट 757 रुपये रखा गया है। जनवरी में लगी बोली के दूसरे चरण में जेट एयरवेज को चार रूट मिले हैं। इसके तहत पहली उड़ान 14 जून को है। हफ्ते में तीन बार इस रूट पर जेट विमान उड़ान भरेगा।
कई और शहरों से शुरू होगी विमान सेवा
रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत उत्तर प्रदेश में 11 नये एयरपोर्ट डेवलप किये जा रहे हैं। करीब अगले सवा साल में अलीगढ़ , आजमगढ़, बरेली, चित्रकूट, झांसी, मुरादाबाद, सोनभद्र, श्रावस्ती और इलाहाबाद से नई विमान सेवायें शुरू होने की संभावना है।
उड्डयन मंत्री बोले
उत्तर प्रदेश सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्री नंदगोपाल नंदी ने बताया कि बहुत जल्द ही लखनऊ-बरेली-दिल्ली-लखनऊ रूट पर भी हवाई सेवा शुरू की जाएगी। साथ ही बिहार, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश आदि राज्यों से कनेक्टिविटी बेहतर करने भी योजना पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दूसरे दौर की बिडिंग में नौ हवाई अड्डों और 22 वायु मार्गों का चयन हुआ है।
फ्लाइट का टाइम-टेबल
9W3555 लखनऊ से 06:30 बजे रवाना होगी, 8:05 बजे इलाहाबाद पहुंचेगी
9W3558 इलाहाबाद से पटना के लिए 08:35 बजे रवाना, पहुंचने का समय 10:15 बजे
9W3557 सुबह 10:40 बजे पटना से रवाना, दोपहर 12:20 बजे इलाहाबाद
9W3556 इलाहाबाद से दोपहर 12:50 पर रवाना, 2:25 पर लखनऊ