लखनऊ

Lucknow Agra Expressway: पांच चालान, 27 हजार जुर्माना… फिर भी नहीं थमी बस की रफ्तार! लखनऊ हादसे ने सिस्टम पर उठाए सवाल

Lucknow Bus Accident Follow-up:लखनऊ बस हादसे में नया खुलासा हुआ है। हादसे का शिकार बस पर पहले से पांच चालान थे, जिनकी रकम 27 हजार रुपये बताई जा रही है।
3 min read
• •
Updated: 9 Nov 2026, 1:46 PM IST
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर हादसे के बाद खाई में गिरी बस, मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी पुलिस व SDRF की टीमें (फोटो सोर्स : Ritesh Singh )
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर हादसे के बाद खाई में गिरी बस, मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी पुलिस व SDRF की टीमें (फोटो सोर्स : Ritesh Singh )

Lucknow Agra Expressway Follow-up: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर हुए दर्दनाक बस हादसे के बाद अब बस की स्थिति और उसके संचालन को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। छठ पर्व मनाने के लिए बिहार स्थित अपने घर लौट रहे यात्रियों की बस पारा इलाके में करीब 40 फीट गहरी खाई में पलट गई थी। हादसे में तीन लोगों की मौत और 45 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इस बीच हादसे का शिकार हुई बस को लेकर एक नया खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि बस के खिलाफ पहले से ही Traffic Rules के उल्लंघन के पांच चालान दर्ज थे। इनकी कुल रकम करीब 27 हजार रुपये बताई जा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि लगातार चालान होने के बावजूद बस सड़कों पर कैसे दौड़ रही थी.

पांच चालान, 27 हजार रुपये का जुर्माना

सूत्रों की जानकारी के मुताबिक, हादसे में शामिल बस बिहार में रजिस्टर्ड थी। बस के मालिक का नाम टुनटुन शाह बताया जा रहा है। सामने आई जानकारी के अनुसार, बस के खिलाफ पहले से पांच चालान दर्ज थे, जिनकी कुल राशि करीब 27 हजार रुपये बताई जा रही है। इस खुलासे के बाद परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का सवाल है कि जब किसी वाहन के खिलाफ बार-बार Traffic Violation के मामले सामने आ रहे थे तो उसकी जांच और कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या बस के कागजात, फिटनेस और परमिट की नियमित जांच की गई थी? हालांकि, चालानों की वजह और उनके निस्तारण की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

यात्री ने लगाया शराब पीकर बस चलाने का आरोप

हादसे के बाद एक यात्री ने बस चालक पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का गंभीर आरोप लगाया है। यात्री के इस बयान के बाद दुर्घटना की वजह को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। शुरुआती जानकारी में बस का टायर फटना हादसे की वजह बताया गया था। अब चालक पर लगे इस आरोप ने मामले को और गंभीर बना दिया है। हालांकि, चालक ने शराब पी थी या नहीं, इसकी पुष्टि मेडिकल जांच और पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और बस की तकनीकी स्थिति की जांच में जुटी है।

लोकबंधु अस्पताल में भर्ती मरीजों की सूची (फोटो सोर्स :file photo, Ritesh Singh )  

लोकबंधु अस्पताल में भर्ती मरीजों की सूची जारी

हादसे के बाद घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। लोकबंधु अस्पताल में कई घायलों का इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रशासन की ओर से भर्ती मरीजों की सूची भी जारी की गई है, ताकि उनके परिजनों को जानकारी मिल सके। हादसे में घायल कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं कुछ यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीमें लगातार घायलों के इलाज में लगी हुई हैं। हादसे की खबर मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंचकर अपने लोगों का हाल जानने में जुटे रहे।

केजीएमयू पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक

बस हादसे की जानकारी मिलने के बाद डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने वहां भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। इसके साथ ही डॉक्टरों से बातचीत कर इलाज की व्यवस्था और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बेहतर इलाज उपलब्ध कराने पर जोर दिया। दूसरी ओर जिलाधिकारी विशाख जी. अय्यर भी लोकबंधु अस्पताल पहुंचे और भर्ती यात्रियों का हाल जाना। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था पर नजर रखी गई।

हादसे के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर हुए इस बड़े हादसे के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हलचल तेज हो गई है। घायलों को अस्पताल पहुंचाने से लेकर उनके इलाज तक की व्यवस्था पर अधिकारी नजर बनाए हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी लोकबंधु अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जान सकते हैं। हालांकि, उनके दौरे की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

अब बस मालिक और परिवहन विभाग की भूमिका पर सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यात्री वाहनों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर बस के खिलाफ पहले से पांच चालान दर्ज थे तो यह जानना जरूरी है कि ये चालान किन कारणों से हुए थे। क्या बस की फिटनेस सही थी? क्या उसका परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेज वैध थे, क्या चालक के पास जरूरी लाइसेंस था? इन सभी पहलुओं की जांच जरूरी है।

फिलहाल पुलिस हादसे की वजह पता लगाने में जुटी है। टायर फटने की बात के साथ ही चालक पर शराब पीकर बस चलाने के आरोप की भी जांच होनी चाहिए। जांच में जो भी जिम्मेदार पाया जाए, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जरूरी है। आखिर छठ पर्व पर अपने घर लौट रहे यात्रियों की जिंदगी इतनी बड़ी लापरवाही और अव्यवस्था के बीच क्यों जोखिम में पड़ी, इसका जवाब मिलना चाहिए।

Also Read
View All