लखनऊ

लखनऊ कारोबारी मौत केस में नया मोड़, मॉडल श्रद्धा दुबे के फ्लैट से नशीली वस्तुएं और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद

Shiva Sharma Death Case: लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस को मॉडल श्रद्धा दुबे के फ्लैट से नशीली वस्तुएं, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और दवाइयां मिली हैं। वहीं, श्रद्धा और रश्मि की कॉल डिटेल में 20 से ज्यादा मौलानाओं, बिल्डरों और कथित माफिया से जुड़े लोगों के नंबर मिलने की बात सामने आई है।
3 min read
• •
Oct 12, 2026
UP News
मॉडल श्रद्धा दुबे (Instagram Photo श्रद्धा दुबे)

Lucknow Businessman Death:लखनऊ में शिवा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस जांच जारी है। इस मामले में शिवा की मां रंजना की शिकायत पर मॉडल और ब्लॉगर श्रद्धा दुबे, उनकी बहन रश्मि समेत चार लोगों के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और संदिग्धों से पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल में जुटी है। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शिवा के शरीर पर मौत से पहले की 10 चोटें मिलने की बात सामने आई है।

फ्लैट में मिला संदिग्ध सामान

शुक्रवार रात अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। इसके बाद हजरतगंज पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम और अधिकारियों की मौजूदगी में श्रद्धा के फ्लैट का कमरा खुलवाया गया। तलाशी के दौरान नशीली वस्तुएं, दवाइयां और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिलीं। अपार्टमेंट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में शिवा नीचे गिरते दिखाई दिए हैं। हालांकि, छत के ऊपर क्या हुआ, इसका फुटेज नहीं मिला है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शिवा गिरने से पहले किन परिस्थितियों में थे।

कॉल डिटेल में 20 से ज्यादा मौलानाओं, बिल्डरों के नंबर

जांच के दौरान श्रद्धा और रश्मि की कॉल डिटेल रिकॉर्ड में 20 से ज्यादा मौलानाओं, बिल्डरों, कथित माफिया और राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों के नंबर मिलने की बात सामने आई है। बताया गया है कि दोनों की इन लोगों से लंबी बातचीत होती थी। जानकारी के मुताबिक, श्रद्धा और रश्मि पर लोगों से नजदीकी बढ़ाकर ब्लैकमेल करने के आरोप भी लगे हैं। पश्चिम जोन से जुड़े एक कारोबारी से कथित तौर पर 25 लाख रुपये लेने की बात सामने आई है। पुलिस इन आरोपों और संपर्कों की पड़ताल कर रही है।

एक साल से श्रद्धा के साथ रह रहे थे शिवा

शिवा शर्मा अलीगंज के कपूरथला इलाके में रहते थे और चिकन कारोबार के साथ कैफे भी चलाते थे। वह करीब एक साल से मॉडल और ब्लॉगर श्रद्धा दुबे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। शिवा की मां रंजना ने श्रद्धा पर बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाने, सिगरेट से जलाने और माफिया व नामचीन लोगों से धमकी दिलवाने के आरोप लगाए हैं। उनकी शिकायत पर श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि समेत चार लोगों के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है।

श्रद्धा का हो चुका है तलाक, रायबरेली में रहता है बेटा

पुलिस की जांच में सामने आया है कि शिवा की मौत के बाद श्रद्धा अयोध्या रोड के रास्ते गई थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और टोल प्लाजा के रिकॉर्ड के आधार पर उसके रास्ते का पता लगा रही है। उसे मदद पहुंचाने के संदेह में कुछ बिल्डरों और अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है। पुलिस की टीमें दिल्ली से नेपाल तक उसकी तलाश में जुटी हैं। श्रद्धा पहले शादी कर चुकी है और उसका तलाक हो चुका है। उसका बेटा रायबरेली में परिवार के साथ रहता है।

सचिवालय पास लगी ऑडी की तलाश

शिवा की मौत के बाद अपार्टमेंट परिसर में सफेद और काले रंग की एक ऑडी कार पहुंची थी। कार पर सचिवालय का पास लगा था। पुलिस यह पता लगा रही है कि कार किसकी है और घटना के समय उसमें कौन आया था। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज में श्रद्धा के फ्लैट के नीचे सीढ़ियों से एक संदिग्ध व्यक्ति भागता दिखाई दिया है। पुलिस उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है।

अंतिम संस्कार के दौरान बेसुध हुईं मां

रविवार को परिवार और रिश्तेदारों की मौजूदगी में शिवा का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बेटे की अर्थी उठने पर मां रंजना बेसुध होकर गिर पड़ीं। परिवार के लोगों ने उन्हें संभाला और होश में लाने की कोशिश की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शिवा के शरीर पर मौत से पहले की 10 चोटें मिली हैं। मौत का कारण आंतरिक रक्तस्राव बताया गया है। पुलिस विशेषज्ञों से राय लेकर पता लगाएगी कि चोटें गिरने से पहले लगी थीं या गिरने के दौरान।

Updated on:
12 Oct 2026 10:42 am
Published on:
12 Oct 2026 08:43 am