
Gold Rate: राजधानी लखनऊ के सर्राफा बाजार में एक बार फिर सोने की कीमतों ने नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है। लगातार बढ़ती वैश्विक मांग, अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूती, डॉलर की चाल और निवेशकों की सुरक्षित निवेश की बढ़ती रुचि के चलते सोने और चांदी दोनों के दाम ऊंचे स्तर पर पहुंच गए हैं। नई दरों के अनुसार 24 कैरेट सोना 1,55,500 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है, जबकि 22 कैरेट सोने की कीमत 1,44,000 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है। वहीं 18 कैरेट सोना 1,18,900 रुपये प्रति 10 ग्राम बिक रहा है। दूसरी ओर शुद्ध 999 चांदी की कीमत 2,37,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है। इन दरों पर जीएसटी, मेकिंग चार्ज और हॉलमार्क शुल्क अलग से देय होंगे।
अमीनाबाद सर्राफा व्यापारी प्रदीप अग्रवाल का कहना है कि आने वाले त्योहारों और विवाह सीजन को देखते हुए ग्राहकों की खरीदारी की तैयारियां शुरू हो गई है, लेकिन लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है। जो ग्राहक पहले 20 या 30 ग्राम सोना खरीदने की योजना बनाते थे, अब वे कम मात्रा में खरीदारी करने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि निवेश के उद्देश्य से सोना खरीदने वालों की संख्या में कोई खास कमी नहीं आई है। उनका मानना है कि सोना आज भी सबसे सुरक्षित और भरोसेमंद निवेश माना जाता है।
जानकारों के अनुसार घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार की चाल पर काफी हद तक निर्भर करती हैं। वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता, महंगाई, केंद्रीय बैंकों द्वारा सोने की खरीद और डॉलर में उतार-चढ़ाव के कारण कीमती धातुओं की कीमतों में लगातार तेजी बनी हुई है। यही कारण है कि भारतीय बाजार में भी सोना लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में कीमतों में और बढ़ोतरी से इनकार नहीं किया जा सकता।
वरिष्ठ बाजार विशेषज्ञ/ सलाहकार राजेश पांडेय का कहना है कि शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच निवेशक सुरक्षित विकल्प के रूप में सोने को प्राथमिकता दे रहे हैं। यही वजह है कि सोने की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है। विशेषज्ञों के अनुसार लंबी अवधि के निवेश के लिहाज से सोना अब भी एक बेहतर विकल्प माना जा रहा है। हालांकि जो लोग आभूषण खरीदने की योजना बना रहे हैं, उनके लिए बढ़ती कीमतें निश्चित रूप से जेब पर अतिरिक्त बोझ डालेंगी।
चौक व्यापारियों का कहना है कि ग्राहकों को हमेशा हॉलमार्क युक्त आभूषण ही खरीदने चाहिए और अधिकृत दुकानों से ही बिल के साथ खरीदारी करनी चाहिए। साथ ही ग्राहकों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि बाजार में घोषित दरों के अलावा जीएसटी, मेकिंग चार्ज और हॉलमार्क शुल्क अलग से जोड़े जाते हैं, जिससे अंतिम कीमत और अधिक हो जाती है। इसलिए खरीदारी से पहले सभी शुल्कों की जानकारी लेना आवश्यक है।
लगातार बढ़ती कीमतों के बावजूद सर्राफा बाजार में उम्मीद बनी हुई है कि त्योहारों और शादी-ब्याह के सीजन में मांग मजबूत रहेगी। हालांकि आम उपभोक्ताओं की नजर अब इस बात पर टिकी है कि आने वाले दिनों में सोने और चांदी के दाम स्थिर होते हैं या फिर नई ऊंचाइयों को छूते हैं।