लखनऊ

Lucknow News: जलभराव की शिकायत करने पर खूनी खेल, प्रधान पति ने साथियों संग मिलकर युवक को उतारा मौत के घाट

Lucknow Gosainganj Murder Case: लखनऊ के गोसाईंगंज में नाले की सफाई और जलभराव की शिकायत करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि ग्राम प्रधान के पति ने 18 साथियों के साथ घर में घुसकर युवक की पीट पीटकर हत्या कर दी, जबकि पत्नी और भाई पर भी जानलेवा हमला किया। जानिए क्या है पूरा मामला...
2 min read
Aug 01, 2026
Lucknow Crime News, Lucknow Murder Case, Gosainganj Murder News, Lucknow Crime News, Gram Pradhan Husband Attack, Uttar Pradesh Crime, लखनऊ हत्या मामला, गोसाईंगंज हत्याकांड, ग्राम प्रधान पति, जलभराव विवाद, नाले की सफाई विवाद, यूपी क्राइम न्यूज, Gosainganj Murder, Gram Pradhan Husband, UP Police, Lucknow News
घटना के संबंध में DCP साउथ मोहम्मद मुश्ताक द्वारा दिया गया बयान (फाइल फोटो)

Lucknow Crime News:लखनऊ के गोसाईंगंज इलाके में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां रसूलपुर टिकनियामऊ गांव में जलभराव और नाले की सफाई की शिकायत करने पर ग्राम प्रधान के पति ने अपने 18 साथियों के साथ मिलकर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। हमलावरों ने मृतक की पत्नी और भाई पर भी जानलेवा हमला किया जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

'नाले की सफाई की शिकायत करना पड़ा भारी'

मृतक आजाद की पत्नी अंजू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके घर के पास नाला चोक होने से पानी की निकासी बंद हो गई थी। इसी समस्या को लेकर उन्होंने ग्राम प्रधान इरम के पति मोहम्मद हसीब से शिकायत की थी। आरोप है कि शिकायत सुनने के बजाय उन्हें वहां से भगा दिया गया। इसके कुछ घंटे बाद शुक्रवार रात करीब 8: 00 बजे मोहम्मद हसीब अपने कई समर्थकों के साथ उनके घर पहुंच गया।

रॉड, बांका और लाठी डंडों से किया हमला

अंजू का आरोप है कि सभी आरोपी लोहे की रॉड, बांका और लाठी डंडे लेकर घर में घुसे। घर में घुसते ही उन्होंने आजाद पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से आजाद की मौके पर ही मौत हो गई। जब अंजू और परिवार के अन्य सदस्यों ने आजाद को बचाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उन पर भी वार किए। इस हमले में अंजू उनके बेटे प्रदीप और देवर गंभीर रूप से घायल हो गए।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावर पूरे परिवार को जान से मारने के इरादे से आए थे। मारपीट के दौरान आरोपी लगातार धमकी दे रहे थे कि किसी को जिंदा नहीं छोड़ेंगे। शोर-शराबा सुनकर जब आसपास के लोग जुटने लगे तो आरोपी मौके से फरार हो गए।

पहले भी दी थी पुलिस को शिकायत

मृतक के भाई रंजीत ने बताया कि नाले की सफाई को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना वाले दिन शाम करीब 4 बजे ही गोसाईंगंज थाने में शिकायत दी थी क्योंकि प्रधान पति ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बावजूद रात में हमला कर उनके भाई की हत्या कर दी गई। रंजीत ने बताया कि आजाद गांव में एक चक्की पर मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं।

पुलिस ने 4 आरोपियों को दबोचा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। DCP साउथ मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि यह विवाद नाले की सफाई को लेकर शुरू हुआ था। इस घटना में एक युवक की मौत हुई है और दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हुए हैं। मृतक की पत्नी की तहरीर पर मोहम्मद हसीब समेत 16 नामजद और 2 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, घर में घुसकर हमला करने और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुमित, अभिषेक, राम सुचित और अमित को हिरासत में ले लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।