लखनऊ

सचिन सिंह हत्याकांड: ‘मौसी पर थी गलत नजर’, इसलिए मामा ने भांजे को मार डाला, पुलिस ने किया चौंकाने वाला खुलासा

Lucknow Murder Case Solved: लखनऊ पुलिस ने 48 घंटे में सचिन सिंह हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने सचिन सिंह की हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, पढ़िए पूरी खबर...

2 min read
Jun 03, 2026
Lucknow crime news,
लखनऊ में सचिन सिंह की हत्या का खुलासा (फोटो- पत्रिका)

Sachin Singh Murder Case:लखनऊ के इटौंजा इलाके में हुए 22 वर्षीय आइसक्रीम पार्लर संचालक सचिन सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सचिन की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके मामा ब्रजेश सिंह ने की थी। पुलिस ने आरोपी के मामा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि भांजे की अपनी मौसी पर गलत नजर थी और इसी बात से नाराज होकर उसने शराब पार्टी के बहाने बुलाकर उसका गला घोंट दिया।

शराब पार्टी के बहाने बुलाया

मड़ियांव थाना क्षेत्र की इन्द्रपुरी कॉलोनी में रहने वाला 22 वर्षीय सचिन सिंह जानकीपुरम के यादव चौराहे पर आइसक्रीम पार्लर चलाता था। सचिन का मामा ब्रजेश सिंह ने 1 जून की रात करीब 9 बजे उसे अपने साथ इटौंजा के अकबरपुर गांव ले गया। ब्रजेश ने सचिन को शराब पार्टी के बहाने बुलाया था। पुलिस पूछताछ में ब्रजेश ने बताया कि उसने पहले सचिन को शराब पिलाई। जब सचिन पूरी तरह नशे में धुत हो गया तो गांव की बोरिंग के पास पड़ी एक प्लास्टिक स्ट्रेप से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद उसने शव को पास के ही केले के खेत में फेंक दिया।

मौसी पर गलत नजर रखने का था शक

घटना के बाद डीसीपी उत्तरी के निर्देशन में स्वाट सर्विलांस और इटौंजा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी ब्रजेश प्रताप सिंह को बुधवार को महोना नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि दोनों परिवारों के बीच काफी आना-जाना था। उसे शक था कि सचिन उसकी बहन यानी सचिन की मौसी पर गलत नीयत रखता है। ब्रजेश ने कई बार सचिन को इस बात के लिए समझाया भी था लेकिन वह मान नहीं रहा था। इसी बात से खुन्नस खाकर उसने भांजे को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची।

भाई ने दी थी नाना को हत्या की खबर

मंगलवार सुबह ब्रजेश के बड़े भाई पौरूष सिंह को गांव के एक युवक ने बताया कि ब्रजेश ने सचिन को मार डाला है। इसके बाद पौरूष ने सचिन के नाना सत्येंद्र सिंह को घटना की जानकारी दी। सत्येंद्र ने सचिन के पिता राम शंकर सिंह को बुलाया और पुलिस को पूरी बात बताई। जब पुलिस केले के खेत में पहुंची तो वहां सचिन का शव नेक्कर और बनियान में पड़ा मिला। गले पर गहरे निशान थे और पास में ही शराब की बोतल भी पड़ी थी।

रात में मां से फोन पर की थी बात

परिजनों ने बताया कि सचिन और ब्रजेश के बीच बहुत अच्छी दोस्ती थी। दोनों अक्सर साथ में घूमते फिरते थे। सोमवार रात करीब 10 बजे सचिन ने अपनी मां को फोन कर बताया था कि वह मामा ब्रजेश के घर पर है और सुबह वहीं से सीधे आइसक्रीम पार्लर जाएगा। सुबह अचानक उसकी हत्या की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई प्लास्टिक स्ट्रेप भी बरामद कर ली है। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल, हिरासत में लिए गए आरोपी मामा से लगातार पूछताछ की जा रही है।