लखनऊ

पछुआ हवाओं की वजह से यूपी में चलेगी शीतलहर, मौसम विभाग का तीन-चार दिन तक भारी ठंड का अलर्ट

- उत्तराखंड सहित पहाड़ों पर जमी बर्फ आने वाली हवाएं बढ़ाएंगी ठंड- 26 जनवरी लखनऊ सहित कई जिलों में घने कोहरे व शीतलहर की चेतावनी

2 min read
Jan 25, 2021
पछुआ हवाओं की वजह से यूपी में चलेगी शीतलहर, मौसम विभाग का तीन-चार दिन तक भारी ठंड का अलर्ट

लखनऊ. उत्तर प्रदेश का मौसम लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग का अलर्ट है कि आने वाले तीन—चार दिन उत्तरी पश्चिमी हवाएं चलेंगी। पहाड़ों पर हुई बर्फवारी की वजह से आने वाली ये उत्तरी पश्चिमी हवाएं यूपी के कई जिलों में गलन को बढ़ाएंगी। 26 जनवरी से लेकर 30 जनवरी तक यूपी में लखनऊ सहित कई जिलों में घने कोहरे व शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है।

कोहरा तो छटने की उम्मीद:- आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि प्रदेश के ऊपर घने कोहरे की मोटी परत पश्चिमी हिस्सों से तराई तक छाई हुई है। पछुआ हवाओं के जोर पकड़ने से अगले दो दिनों में कोहरा तो छट सकता पर पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाएं गलन भरी ठंड बढ़ाएंगी। और शीतलहर का यह प्रकोप करीब तीन चार दिन रहने की संभावना है।

यूपी में चुर्क सबसे ठंडा:- उत्तर प्रदेश में शनिवार को चुर्क सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ, अलीगढ़, मेरठ, बरेली, सुल्तानपुर, बहराइच, हरदोई, कानपुर, गोरखपुर में दिन का अधिकतम पारा सामान्य से कम 13 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

पछुआ हवाओं के बारे में जानें:- प्रदेश में करीब तीन दिन से पूर्वी हवाएं चल रही थी। इन हवाओं में नमी होती है, जिस वजह से पूरे प्रदेश में घना कोहरा पड़ रहा था। पर सोमवार से हवाओं का रुख बदल जाएगा। अब बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं की जगह पहाड़ी इलाकों से आने वाली उत्तरी पश्चिमी हवाएं लेंगी। पहाड़ों पर जमी बर्फ की ठंड को ये पछुआ हवाएं अपने संग लेकर चलेंगी, जिसके बाद यूपी के कई जिले एक बार फिर से ठंड की वजह से तीन चार दिन तक कांपेंगे। शीतलहर से गलन और ठंड अपने पूरे शबाब पर होगी।

Published on:
25 Jan 2021 01:31 pm
Also Read
View All