
Lucknow Murder Case: लखनऊ में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। दोनों ने पहले ईंट से उसके सिर पर वार किया। इसके बाद महिला ने पति के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और प्रेमी ने पैरों से गला दबाकर उसकी जान ले ली। वारदात को अंजाम देने के लिए महिला ने डॉक्टर के पास जाने का बहाना बनाया था। 17 नवंबर को युवक का शव मिलने के बाद पोस्टमॉर्टम में हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने रविवार को आरोपी पत्नी ज्योति कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी मनोज फरार है।
ज्योति ने पुलिस को बताया कि शादी के कुछ समय बाद दीपक शराब पीकर उसके साथ मारपीट करने लगा था। वह खुद शराब पीता था और उसे भी शराब पीने के लिए मजबूर करता था। इसके अलावा उस पर अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का दबाव डालता था। करीब एक साल पहले दीपक अपने दोस्त मनोज को शराब पीने के लिए घर लेकर आया था। इसी दौरान ज्योति और मनोज के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। दीपक दोनों के संबंधों को लेकर नाराज रहता था।
ज्योति ने अपनी परेशानी मनोज को बताई थी। उसने दीपक से तलाक लेने की बात भी कही, लेकिन तीसरी शादी होने के कारण बदनामी के डर से ऐसा नहीं कर सकी।
पुलिस के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले ज्योति ने मनोज को बताया कि दीपक उसकी छह साल की बेटी को अश्लील वीडियो दिखाता है और उसे गलत तरीके से छूता है। ज्योति ने कहा कि अब वह दीपक की हरकतें बर्दाश्त नहीं कर सकती। इसके बाद दोनों ने मिलकर दीपक को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर की रात दीपक ने शराब पी रखी थी। उसने ज्योति पर भी शराब पीने का दबाव बनाया, लेकिन उसने शराब नहीं पी। देर रात ज्योति ने तबीयत खराब होने और डॉक्टर के पास जाने की बात कही। इसके बाद उसने फोन करके मनोज को बुला लिया। मनोज बाइक से पहुंचा और तीनों ओरो सिटी के पास गए। वहां ज्योति ने उल्टी आने का बहाना बनाकर बाइक से उतरने को कहा। इसी दौरान दीपक और मनोज आपस में बात कर रहे थे। तभी ज्योति ने पीछे से ईंट उठाकर दीपक के सिर पर मार दी।
ईंट से वार होने के बाद दीपक घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद ज्योति ने बाइक पर रखा कपड़ा उसके मुंह में ठूंस दिया। मनोज ने पैरों से उसका गला दबा दिया। इससे दीपक की मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
17 नवंबर को दीपक का शव मिलने के बाद पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराया। रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद मृतक के भाई की शिकायत पर पत्नी ज्योति और एक अन्य आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
सीतापुर के महमूदाबाद निवासी दीपक ने साल 2023 में ज्योति से शादी की थी। यह दीपक की दूसरी और ज्योति की तीसरी शादी थी। ज्योति की पहले पति से छह साल की बेटी है, जबकि दीपक की पहली शादी से तीन बच्चे हैं। शादी के बाद दोनों गुडंबा इलाके में ज्योति के माता-पिता के साथ रहते थे। करीब डेढ़ साल पहले दीपक और ज्योति ने अलीगंज स्थित CMS स्कूल में नौकरी शुरू की। दीपक वहां ड्राइवर और ज्योति आया का काम करती थी। बाद में दोनों स्कूल के पास किराए के कमरे में रहने लगे।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। मोबाइल सर्विलांस और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ज्योति कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब दूसरे आरोपी मनोज की तलाश कर रही है।