Crime News: अपनी भाभी के पति से खुलेआम शख्स ने कहा कि वह उससे प्यार करता है। आगे भी उसका पीछा करता रहूंगा। शख्स ने जान से मारने की धमकी भी इस दौरान दी। जानिए पूरा मामला क्या है?
Crime News: उत्तर प्रदेश के एक 46 साल के शख्स को अहमदाबाद में अपनी भाभी को बार-बार परेशान करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कहा कि आरोपी ने दावा किया कि उसने 'आवाजों' (Divine Voices) के निर्देशों पर काम किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी एहराज हुसैन शेख पिछले 3 सालों से अहमदाबाद के जमालपुर इलाके में रह रहा है। पुलिस ने कहा कि आरोपी एहराज 2024 में अपनी मौसी की बहू जो रिश्ते में उसकी भाभी लगती थी, उसके लिए एकतरफा जुनून में आ गया और उसका पीछा करने लगा।
पुलिस ने बताया, महिला के विरोध जताने पर एहराज ने महिला के पति से खुलेआम कहा कि वह उससे प्यार करता है, उससे मिलने के लिए उसका पीछा करता है और आगे भी करता रहेगा। उसने कथित तौर पर धमकी दी कि जो कोई भी उसे रोकने की कोशिश करेगा, वह उसे जान से मार देगा। उसके खिलाफ 2024 में दानी लिमडा पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई थी और अभी केस अंडर ट्रायल है।
जमानत पर रिहा होने के बावजूद, एहराज ने कथित तौर पर अपना बर्ताव नहीं बदला और फिर से महिला का पीछा करना शुरू कर दिया। 23 दिसंबर को, वह अपनी मौसी के घर गया, जहां उसकी भाभी भी रहती है। जब उसकी मौसी ने उसे जाने के लिए कहा, तो उसने मना कर दिया। इसके बाद उसने भाभी का हाथ यह कहते हुए पकड़ लिया कि वह उससे प्यार करता है। साथ ही उसे अपने साथ चलने के लिए कहा। आरोपी ने भाभी से यह भी कहा कि वह जज को यह बताकर केस वापस ले ले कि केस झूठा है। उसने कहा कि वह उसे अपने साथ रखेगा।
पुलिस ने बताया कि कि जब एहराज ने महिला को अपनी ओर खींचने की कोशिश की, तो उसकी सास ने बीच-बचाव किया और उसे छुड़ाया। फिर आरोपी ने कथित तौर पर महिला के पति को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद, महिला ने गायकवाड़ हवेली पुलिस स्टेशन में हैरेसमेंट की एक और शिकायत दर्ज कराई। मामले में ACP ने कहा कि एहराज के खिलाफ महिला का पीछा करने, उसे धमकाने और कोर्ट में झूठा बयान देने के लिए दबाव डालने का केस दर्ज किया गया है।
ACP के मुताबिक, ''एहराज महिला से एकतरफा प्यार करता था। एक साल पहले, उसने उसका पीछा किया और उसके साथ छेड़छाड़ की, जिसके लिए FIR दर्ज की गई और ट्रायल चल रहा है। उसके बाद भी, वह महिला पर अपना बयान बदलने और अपने पति और बच्चों को छोड़कर उसके साथ रहने का दबाव बनाता रहा। जब उसने फिर से उसका पीछा किया और उसे परेशान किया, तो मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।''