Today Weather Update : यूपी में पिछले एक सप्ताह से झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अभी एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग का भी अलर्ट है कि, यूपी में गलन-ठिठुरन और बढ़ जाएगी। और कोहरे का कहर भी बढ़ेगा।
लखनऊ. Weather Update Today यूपी में पिछले एक सप्ताह से झमाझम बारिश हो रही है। पश्चिमी विक्षोभ अभी भी सक्रिय है। इस वजह से कई जिलों में बरसात से अभी निजात नहीं मिलेगी। मौसम विभाग का भी अलर्ट है कि, कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी, गरज चमक के साथ-साथ घना कोहरा छाया रहेगा। पर पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद बर्फ जमने लगी है। और मैदानों में धूप निकल रही है। इन दोनों वजहों से यूपी में गलन-ठिठुरन और बढ़ जाएगी। और कोहरे का कहर भी बढ़ेगा। यूपी के कोहरे से सर्वाधिक प्रभावित इलाकों में चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर कई जिले शामिल हैं।
मौसम विज्ञानियों का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञानियों का पूर्वानुमान है कि, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर और आसपास के कई इलाके कोहरे से सर्वाधिक प्रभावित रहेंगे। इसके अलावा जिन इलाकों में घने कोहरे का असर दिखेगा उनमें प्रयागराज, प्रतापगढ़, चंदौली, संत रविदास नगर जौनपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया और आसपास के इलाके शामिल हैं।
कोहरे की चादर से ढके रहेंगे ये जिले
मौसम विज्ञानियों का आगे कहना है कि, मऊ, बलिया, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, अंबेडकरनगर, मेरठ, हापुड़, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बंदायूं और आसपास के इलाके कोहरे की चादर से ढक रहने के आसार हैं।
इटावा में तापमन 6.4 डिग्री रहा
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को भी दिनभर कोहरा छाया रहा और बादलों ने डेरा डाले रखा। इसके कारण ज्यादातर इलाकों में तापमान का उतार-चढ़ाव जारी रहा। मेरठ, बुलंदशहर, नजीबाबाद, गोरखपुर और इटावा में तापमान 10 से नीचे रहा। इटावा में तो तापमान 6.4 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि हरदोई, कानपुर नगर, झांसी, बरेली, शाहजहांपुर, मेरठ, आगरा व अलीगढ़ में अधिकतम तापमान 20 से नीचे रहा।
फेफड़े की बीमारियों से ग्रसित लोगों के लिए खतरनाक है कोहरा
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहाकि, घना कोहरा फेफड़े से संबंधित बीमारियों से ग्रसित लोगों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। इसके अलावा आंखों में दिक्कत का कारण बनता है। बाहर निकलने से बचें और निकलना ही हो तो चेहरे व सिर को कवर करके निकलें।
लखनऊ में न्यूनतम तापमान और गिरेगा
राजधानी लखनऊ में मंगलवार को अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश की संभावना है। 11 जनवरी को बारिश की संभावना है। वायु गुणवत्ता सूचकांक 'मध्यम' श्रेणी में 127 दर्ज किया गया है।