Kalyan Singh dies at 89- कल्याण सिंह के निधन पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा मुखिया मायावती और ओम प्रकाश राजभर सहित कई प्रमुख नेताओं ने ट्वीट कर दुख प्रकट किया है
लखनऊ. Kalyan Singh dies at 89- उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का शनिवार को लखनऊ के एसजीपीजाई में निधन हो गया। 89 वर्ष के कल्याण सिंह लंबे सयम से बीमार थे। कल्याण सिंह के निधन के बाद भाजपा ही नहीं विपक्ष के नेताओं ने संवेदना जताई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा मुखिया मायावती और ओम प्रकाश राजभर सहित कई प्रमुख नेताओं ने ट्वीट कर कल्याण सिंह के निधन पर दुख प्रकट किया है
परिवार व समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना : मायावती
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कल्याण सिंह के निधन पर संवेदना प्रकट की है। लंबी बीमारी के चलते 89 की उम्र में लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में शनिवार को कल्याण सिंह का निधन हो गया। मायावती ने ट्वीट करते हुए लिखा, भाजपा के कद्दावर नेता व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल रहे कल्याण सिंह के निधन की खबर अति-दुःखद। उनके परिवार व समर्थकों आदि के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।
कल्याण सिंह का निधन ह्रदय विदारक: अखिलेश यादव
उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर पक्ष-विपक्ष के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए कल्याण सिंह को विनम्र श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह जी का निधन हृदय विदारक! दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति दे भगवान। विनम्र श्रद्धांजलि!
कल्याण सिंह का निधन अत्यंत दुःखद : ओम प्रकाश राजभर
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व योगी सरकार में पूर्व मंत्री रहे ओम प्रकाश राजभर ने कल्याण सिंह के निधन पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान व हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं उनके परिवारजनों को इस संकट समय में दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें यही प्रार्थना। ॐ शांति।