मौसम का मिजाज बदलता जा रहा है। दिसम्बर माह का अंतिम दौर चल रहा है। कई बर्फबारी हो रही है तो कहीं बारिश। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, यूपी के दस जिलों में पांच डिग्री से कम तापमान रहा। कुछ शहरों में तापमान 2.2 से भी नीचे जा रहा है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि, आने वाले दिनों में ठंड का कहर और बढ़ेगा।
लखनऊ. पूरे यूपी में शीतलहर की चपेट में है। बीते 24 घंटों में दस से ज्यादा जिलों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में सबसे ठंडा जिला मुजफ्फरनगर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मुजफ्फरनगर के बाद आया मेरठ :- मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में सबसे ठंडा जिला मुजफ्फरनगर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का लखनऊ केंद्र राज्य के 32 सेंटरों से रिकॉर्ड एकत्र करता है। इनमें सभी जगह बीती रात न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मुजफ्फनगर में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस और मेरठ में 2.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। फुरसतगंज, बरेली, शाहजहांपुर और नजीबाबाद में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जानें यूपी में कहां कितना पारा (डिग्री सेल्सियस में)
मुजफ्फरनगर 2.2
मेरठ 2.8
कानपुर 04
बरेली 04
शाहजहांपुर 04
नजीबाबाद 04
फुरसतगंज 04
फतेहगढ़ 4.3
वाराणसी 4.8
लखनऊ में इस मौसम का सबसे कम तापमान :- बीते चार दिनों से लखनऊ शीतलहर की चपेट में है। रविवार से न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के नीचे बना हुआ है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस था, मंगलवार को यह 5.3 डिग्री तक लुढ़क गया। लखनऊ में इस मौसम का यह अब तक का सबसे कम तापमान रहा। सोमवार को दिन में अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस था, मंगलवार को चार डिग्री बढ़कर यह 22.3 डिग्री सेल्सियस हो गया।
अगले दो-तीन दिन ठंड से मामूली राहत :- मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि अगले दो-तीन दिनों में ठंड से मामूली राहत मिल सकती है पर उसके बाद मौसम में कुछ बदलाव हो सकता है। कुछ पश्चिमी विक्षोभ तैयार हैं इससे 25 से 27 दिसम्बर तक बदली हो सकती है।