Today Weather : यूपी में मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की संभावना के कारण नए साल से पहले शीत लहर की संभावना नहीं है। इसके अलावा 5 जनवरी तक तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं होगी हालांकि 26 दिसंबर से मौसम बदलेगा।
लखनऊ. Weather Today आने वाले 48 घंटों में यूपी का मौसम बदल जाएगा। मौसम विभाग का अलर्ट है कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से राजधानी लखनऊ सहित पूरे पश्चिमी यूपी के जिलों में भारी बारिश की संभावना है। और बारिश के बाद ठंड बढ़ जाएगी। वहीं कुछ मौसम विज्ञानियों का कहना है कि, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से नए साल से पहले शीत लहर की संभावना अब कम हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि 5 जनवरी तक तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं होगी।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 26 दिसंबर से यूपी में मौसम में बदलाव आएगा। देश के उत्तर पश्चिम में दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके असर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित राजधानी लखनऊ में 28 दिसम्बर को बारिश के आसार हैं। इस बदलाव के कारण बर्फीली पछुआ हवाएं भी धीमी पड़ी हैं। इससे राजधानी में ठंड से आंशिक रूप से राहत जरूर मिली है।
यूपी में तापमान काफी तेजी से ऊपर चढ़ा है। पिछले 2 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीते एक सप्ताह से पछुआ हवाओं के कारण गलन बढ़ी हुई थी। रात का पारा 6.0 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे जा रहा था। पश्चिम की ओर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से हवा कमजोर पड़ी है। दूसरी ओर आसमान साफ है। इससे सूरज की गर्मी दिन के समय राहत दे रही है।
अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार अगले 24 घंटे कोई खास बदलाव होने के संकेत नहीं दिख रहे हैं। अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 8.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह और शाम को हल्का कोहरा रहेगा। दिन में आसमान साफ रहेगा।