
BJP mission 2027 Uttar Pradesh: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन के लखनऊ आगमन पर उत्तर प्रदेश की राजधानी पूरी तरह से भगवा रंग में सराबोर नजर आई। शनिवार को अपने यूपी दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं के अभूतपूर्व उत्साह को देखकर गदगद हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हुंकार भरी कि उत्तर प्रदेश को 'उत्तम प्रदेश' बनाना ही भाजपा का मुख्य संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जोड़ी पर देश और प्रदेश की जनता का अटूट विश्वास है, जिसके दम पर 2027 के विधानसभा चुनाव में यूपी में एक बार फिर पूर्ण बहुमत से कमल खिलेगा।
लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पुष्पगुच्छ भेंट कर और भगवा अंगवस्त्र पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से राष्ट्रीय अध्यक्ष का परिचय भी कराया।
एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक के मार्ग पर नितिन नवीन ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ विशेष रथ पर सवार होकर एक विशाल रोड शो किया। इस दौरान पूरे रास्ते में कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। भाजपा ओबीसी मोर्चा ने क्रेन की मदद से राष्ट्रीय अध्यक्ष को करीब 25 फीट लंबी विशाल माला पहनाकर उनका स्वागत किया।
इस रोड शो की सबसे खास बात यह रही कि इसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग, बुर्का पहने महिलाएं, टोपी पहने पुरुष और ईसाई समुदाय के पादरी व नन भी नितिन नवीन के स्वागत के लिए सड़कों पर मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश में मिले इस भव्य स्वागत से अभिभूत होकर नितिन नवीन ने कहा कि यूपी भाजपा के कार्यकर्ताओं में जो उत्साह दिख रहा है, वह अभूतपूर्व है। पाटलिपुत्र की धरती पर मुझे जो स्वागत मिला था, उससे भी अधिक आत्मीय और भव्य स्वागत मुझे उत्तर प्रदेश में मिला है। मैं सभी कार्यकर्ताओं के इस स्नेह के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं और भगवान श्रीराम, बाबा काशी विश्वनाथ की नगरी तथा भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा को प्रणाम करता हूं।"