लखनऊ

‘पहले इस्तेमाल करो, फिर बर्बाद करो’ बिहार की सियासत पर छिड़ा पोस्टर वार, सपा ने साधा भाजपा पर निशाना

सपा ने पार्टी कार्यालय के बाहर होर्डिंग लगाकर भाजपा पर तीखा हमला किया है। पोस्टर में नीतीश कुमार के राजनीतिक सफर और भाजपा के साथ उनके रिश्तों को दिखाते हुए आरोप लगाया गया।

2 min read
Mar 07, 2026
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा के बीच सपा का तंज

Lucknow News: बिहार में नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच सपा ने लखनऊ में भाजपा पर तीखा हमला किया है। सपा ने पार्टी मुख्यालय के बाहर एक होर्डिंग लगाई है, जिसमें बिहार की ताजा राजनीतिक हलचल को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। यह होर्डिंग सपा नेता मोहम्मद इखलाक की ओर से लगाई गई है। इसमें नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने से लेकर अब राज्यसभा जाने की तैयारी तक के सफर को तस्वीरों और शब्दों से दिखाया गया है। इस होर्डिंग से राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।

ये भी पढ़ें

UPSC 2025 में बाहुबली धनंजय सिंह के भतीजे ने मारी बाजी, 378 रैंक हासिल कर रचा इतिहास

होर्डिंग का डिजाइन और संदेश

होर्डिंग में सबसे ऊपर बड़े अक्षरों में लिखा है कि राजनीति का नया खेल। उसके नीचे गठबंधन के समय की तस्वीर लगाई गई है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और नीतीश कुमार दिखाए गए हैं। तस्वीर में अमित शाह नीतीश कुमार को फूलों का गुलदस्ता देते नजर आ रहे हैं, जबकि पीछे नरेंद्र मोदी हाथ हिलाते हुए मुस्कुरा रहे हैं। फिर "अब आया नया मोड़" लिखकर नीतीश कुमार की अकेली तस्वीर लगाई गई है। होर्डिंग को तीन हिस्सों में बांटा गया है, जो भाजपा की राजनीति पर सीधा कटाक्ष करती है।

भाजपा पर सीधा निशाना

पोस्टर में भाजपा को सीधे शब्दों में घेरा गया है। इसमें लिखा है कि मुख्यमंत्री की कुर्सी दी, सत्ता चलाने का सहारा लिया, जब जरूरत थी तब साथ रखा, काम निकल गया, तो किनारे कर दिया"। यह संदेश साफ तौर पर बताता है कि भाजपा ने नीतीश कुमार का इस्तेमाल किया और अब उन्हें अलग कर दिया। सपा का कहना है कि भाजपा की यही नीति है- सहयोगियों को जरूरत पड़ने पर साथ रखना और काम निकलने पर छोड़ देना। यह होर्डिंग बिहार की सियासत में नीतीश कुमार के भाजपा से अलग होने की अफवाहों को हवा दे रही है।

अखिलेश यादव का बयान शामिल

होर्डिंग में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान को भी जगह दी गई है। इसमें लिखा है कि अखिलेश यादव जी ने सही कहा था, BJP की राजनीति यही है…. पहले इस्तेमाल करो, फिर बर्बाद करो। अखिलेश यादव अक्सर भाजपा पर ऐसे आरोप लगाते रहे हैं। इस बयान से सपा ने अपनी बात को और मजबूत बनाया है। होर्डिंग के जरिए सपा बिहार की घटनाओं को उत्तर प्रदेश की राजनीति से जोड़ रही है और विपक्षी एकता की कोशिश कर रही है।

राजनीतिक चर्चा और प्रतिक्रियाएं

इस पोस्टर के सामने आने के बाद लखनऊ और बिहार में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। सपा के समर्थक कहते हैं कि यह होर्डिंग भाजपा की असली राजनीति को उजागर करती है और सटीक टिप्पणी है। वहीं, भाजपा के समर्थक इसे महज राजनीतिक बयानबाजी बता रहे हैं। वे कहते हैं कि सपा खुद अवसरवादी राजनीति करती है। फिलहाल, सपा कार्यालय के बाहर लगा यह पोस्टर लोगों के बीच बड़ा मुद्दा बना हुआ है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस पर और ज्यादा बयानबाजी होगी। बिहार में नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरों से एनडीए में भी हलचल है।

ये भी पढ़ें

पहले ही तय हो चुका था नीतीश कुमार का एग्जिट प्लान, यूपी के मंत्री ओपी राजभर का बड़ा खुलासा

Published on:
07 Mar 2026 09:51 am
Also Read
View All

अगली खबर