Oldest MLA of UP : अपनी सादगी और ईमानदारी के लिए मशहूर उत्तर प्रदेश के सबसे उम्रदराज विधायक आलम बदी विधानसभा के बजट सत्र में शामिल होने के लिए स्कूटर पर पहुंचे।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के विधानसभा सत्र में सबसे उम्रदराज विधायक ने एकदम अलग अनोखी एंट्री ली। विधायक एकदम सादगी के साथ बिना किसी लाव-लश्कर के सत्र में शामिल होने पहुंचे। आजकल जहां विधानसभा सत्र हो या लोकसभा सत्र जहां से आकर्षक तस्वीरें सामने आती हैं। वहीं 90 वर्षीय विधायक आलमबदी सादगी के साथ स्कूटर के पीछे बैठकर विधानसभा सत्र में शामिल होने पहुंचे। वह आजमगढ़ की निज़ामाबाद सीट से विधायक हैं।
विधायक आलम बदी 90 साल के हैं। इस उम्र में भी वह विधानसभा का एक भी सत्र नहीं छोड़ते। आलमबदी अपने साथ किसी भी तरह का लाव-लश्कर नहीं रखते। कहा जाता है वह रोडवेज बस में यात्रा करते हैं। आजमगढ़ में उनका घर एक छोटी सी गली में है, जहां वह अपने बड़े परिवार के साथ रहते हैं।
आलमबदी का जन्म 1936 में हुआ था। वह पूरे क्षेत्र में अपनी ईमानदारी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने 12वीं तक की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया। सियासत में आने से पहले वह इंजीनियर थे और नौकरी करते थे। उनके 6 बच्चे हैं। आलम बदी ने 1996 में पहली बार सपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी।
आलमबदी अपना चुनाव प्रचार भी बेहद साधारण ढंग से करते हैं। इसीलिए उनका चुनाव खर्च सिर्फ 2 से 3 लाख रुपए ही आता है। नौकरी छोड़कर राजनीति में आना उनके लिए आसान काम नहीं था। लेकिन, उन्होंने जनता की सेवा का बीड़ा उठाया। केवल एक बार 2007 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
बताया जाता है कि मुलायम सिंह और अखिलेश यादव ने आलम बदी को मंत्री पद देने का कई बार ऑफर किया लेकिन उन्होंने कहा, मंत्री किसी नौजवान को बनाया जाए। 2004 और 2012 में जब-जब ऑफर मिला, तब-तब आलम बदी ने यही बात कही। उनका मानना है कि अगर वो मंत्री बन जाएंगे तो वह इलाके की जनता से कहीं ना कहीं दूर हो जाएंगे।