Om Prakash Rajbhar On Akhilesh Yadav: अखिलेश यादव के बयान पर ओम प्रकाश राजभर ने पलटवार किया। उन्होंने वोटर लिस्ट को लेकर भी सफाई दी।
Om Prakash Rajbhar On Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक समय NRC और CAA को लेकर देश में व्यापक बहस हुई थी। इस दौरान यह दावा किया गया था कि इन कानूनों से लोगों के अधिकार छिन जाएंगे या मुसलमानों को देश से बाहर किया जाएगा, लेकिन अब 2 साल से ज्यादा समय बीत चुका है और एक भी मुसलमान को देश छोड़ने के लिए मजबूर नहीं किया गया।
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आरोप लगाया कि कुछ लोग सिर्फ मुसलमानों के वोट हासिल करने के लिए ऐसे बयान देते हैं, जबकि अब इन दावों का कोई आधार नहीं बचा है।
वोटर लिस्ट को लेकर उठ रहे सवालों पर मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा, ''किसी भी मतदाता का नाम लिस्ट से छूटे, ऐसा नहीं होना चाहिए और ना ही किसी पर गलत आरोप लगना चाहिए। इसी वजह से समय-सीमा 2 बार बढ़ाई गई है। अभी भी सभी के पास फॉर्म भरने का मौका है। अगर कोई व्यक्ति पहले चूक गया है, तो ड्राफ्ट सूची जारी हो चुकी है, उसे जांचकर फॉर्म जमा किया जा सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कोई भी मतदाता वंचित नहीं रहेगा।''
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा, ''वोटर लिस्ट में कई मामलों में एक ही व्यक्ति का नाम 2 जगह दर्ज था। जो लोग गुजर चुके थे या गांव से शहर चले गए थे, उनके नाम अलग-अलग स्थानों पर दर्ज थे। जिन्हें अब एक जगह समायोजित कर दिया गया है। इसी तरह जो लोग राज्य के बाहर बस गए थे, उनके नाम वहां और यहां दोनों जगह दर्ज थे, उन्हें भी ठीक किया गया है।''
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान कुछ बाहरी लोगों, चाहे वे बांग्लादेशी हों, रोहिंग्या हों या अन्य देशों से आए हों उनके नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह SIR प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ की जा रही है। जिससे केवल योग्य नागरिकों का ही नाम मतदाता सूची में रहे।
बता दें कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने BJP पर लोकतंत्र और संविधान विरोधी होने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि SIR के जरिये सरकार चोरी-छिपे NRC (राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर) लागू करने का काम कर रही है। BJP सत्ता का खुला दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि NRC का काम गृह मंत्रालय के अंतर्गत आता है, लेकिन BJP सरकार निर्वाचन आयोग के जरिये SIR कराकर वही काम कर रही है।