
Akhilesh Yadav: राणा सांगा को लेकर शुरू हुआ विवाद एक बार फिर उत्तर प्रदेश की राजनीति में चर्चा में आ गया है। कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को घेरा है। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को राणा सांगा पर दिए गए बयान के लिए खुद हिंदू समाज से माफी मांगनी चाहिए और सपा सांसद रामजीलाल सुमन से भी माफी मंगवानी चाहिए। वहीं, आगरा में रामजीलाल सुमन के आवास से करीब 50 मीटर की दूरी पर राणा सांगा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके लिए 17 नवंबर को भूमि पूजन का कार्यक्रम रखा गया है। ऐसे में राजभर के बयान और प्रतिमा स्थापना की तैयारी के बीच राणा सांगा का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक चर्चा में है।
ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा कि वह आगरा में PDA के 'डी' का सम्मेलन कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में रामजीलाल सुमन भी शामिल होंगे। राजभर ने कहा कि अखिलेश को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और मान्यवर कांशीराम पर की गई टिप्पणियों के लिए खुद माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने रामजीलाल सुमन के बयान पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अखिलेश उनसे राणा सांगा के बयान के लिए पूरे हिंदू समाज से माफी मांगने को कहें। राजभर ने कहा कि सम्मेलन में बड़ी-बड़ी घोषणाएं करने के बजाय इन मुद्दों पर भी बात होनी चाहिए।
सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने 21 मार्च 2025 को राज्यसभा में राणा सांगा को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि भाजपा वालों का तकिया कलाम हो गया कि मुसलमानों में बाबर का डीएनए है। फिर हिंदुओं में किसका डीएनए है? बाबर को कौन लाया, बाबर को भारत में इब्राहीम लोदी को हराने के लिए राणा सांगा लाया था।
मुसलमान बाबर की औलाद हैं तो तुम (हिंदू) गद्दार राणा सांगा की औलाद हो। यह हिंदुस्तान में तय हो जाना चाहिए। बाबर की आलोचना करते हैं, राणा सांगा की नहीं। देश की आजादी की लड़ाई में इन्होंने अंग्रेजों की गुलामी की थी। हिंदुस्तान का मुसलमान बाबर को अपना आदर्श नहीं मानता है। वो मोहम्मद साहब और सूफी परंपरा को आदर्श मानता है।'
इस बयान के पांच दिन बाद यानी 26 मार्च 2025 को करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने आगरा स्थित रामजीलाल सुमन के आवास पर हमला किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 50 गाड़ियों में पहुंचे एक हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने पथराव और तोड़फोड़ की थी। प्रदर्शनकारी दो बुलडोजर भी लेकर पहुंचे थे। इस दौरान सांसद के घर के बाहर खड़ी 10 से ज्यादा गाड़ियों को नुकसान पहुंचा और झड़प में 14 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। घटना के समय सुमन दिल्ली में थे।
अब आगरा में इस विवाद से जुड़ा एक और घटनाक्रम सामने आया है। रामजीलाल सुमन के आवास से करीब 50 मीटर दूर एमजी रोड स्थित स्पीड कलर लैब तिराहे पर राणा सांगा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके लिए 17 नवंबर को भूमि पूजन का कार्यक्रम रखा गया है। कार्यक्रम में मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा मुख्य अतिथि होंगी।