
Akhilesh Yadav: कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए इटावा और बाराबंकी की घटनाओं का जिक्र किया है। उन्होंने इटावा में बिट्टू यादव पर दलित की संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश और मारपीट का आरोप लगाया। वहीं, बाराबंकी में प्रमोद यादव पर दलित युवक दिलीप पासी की पीटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए अखिलेश से सवाल किए। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को अपने समर्थकों की गुंडई पर रोक लगानी चाहिए। इससे पहले भी उन्होंने सपा में अंदरूनी खींचतान और यादव वोटों में गिरावट को लेकर तंज कसा था।
ओम प्रकाश राजभर ने अपने एक्स पोस्ट में कहा कि अखिलेश यादव आप तो अभी तक सो ही रहे होंगे, लेकिन आपका पीडीए यानी 'पीट देगा अहीर' आपके सीएम बनने की अफवाह भर से सो ही नहीं रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इटावा में बिट्टू यादव ने दलित चंद्रमोहन दिवाकर की संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश की। राजभर ने कहा कि जब लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने गाली-गलौज की और चंद्रमोहन दिवाकर के साथ मारपीट की।
राजभर ने बाराबंकी की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां प्रमोद यादव ने दलित दिलीप पासी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। राजभर ने अखिलेश यादव से सवाल किया कि एक तरफ सपा के नेता गुंडई करने वालों को पार्टी से बाहर निकालने की बात करते हैं, वहीं दूसरी तरफ ऐसे लोग दलितों के साथ मारपीट और गाली-गलौज कर रहे हैं।
राजभर ने कहा कि सीएम योगी सही कहते हैं आप लोगों ने हर चौराहे पर गुंडों को पाल रखा है। उन्होंने अखिलेश यादव को अपने समर्थकों पर लगाम लगाने की सलाह देते हुए कहा कि अरे मित्र अखिलेश, नींद और भ्रम की दुनिया से बाहर आइए और गुंडई के नशे में चूर अपने लठैतों को कायदे से चांपिए महाराज।
राजभर ने आगे कहा कि यादव-यादव बोलकर ज्यादा सीना नहीं ठोंकना चाहिए। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस ऐसे लोगों की अइंठन दूर करने में सक्षम है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अखिलेश यादव की ओर से फैलाई जा रही अफवाहों से यादव समाज के लोगों को नुकसान हो रहा है।
इससे पहले बुधवार को भी ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर हमला बोला था। उन्होंने सपा के अंदर चल रही कथित खींचतान और पूर्वांचल में पार्टी के वोट बैंक को लेकर सवाल उठाए थे। राजभर ने दावा किया था कि सपा के एक नेता ने रिपोर्ट में पूर्वांचल में यादव वोटों में 18 प्रतिशत की गिरावट की बात कही है। उन्होंने सैफई परिवार में भतीजावाद और चच्चावाद को लेकर भी तंज कसा।
राजभर ने आरोप लगाया कि सपा में चाचा और भतीजे के बीच खींचतान फिर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि चाचा के समर्थक अखिलेश के पुतले जला रहे हैं और बाहुबलियों तथा धनबलियों से बातचीत के लिए वीडियो कॉल के जरिए चाचा से संपर्क कराया जा रहा है। उन्होंने अखिलेश को सलाह दी कि वह अपने चाचा से संबंध सुधारने की कोशिश करें। राजभर ने कहा कि अगर सपा में बगावत नहीं थमी तो विधानसभा चुनाव में अलग-अलग सीटों पर बागी उम्मीदवार खड़े हो सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि ऐसे उम्मीदवारों को फंडिंग और बड़े नेताओं से बातचीत के जरिए समर्थन भी मिल सकता है।