
Om Prakash Rajbhar Statement: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने झारखंड में छात्रों के विरोध प्रदर्शन और जंतर-मंतर पर चल रहे धरने को लेकर विपक्ष पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि झारखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार नहीं है बल्कि वहां कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा की मिलीजुली सरकार है इसलिए विपक्षी दल वहां नहीं जाएंगे। इसी तरह पंजाब में भी पेपर लीक की घटनाएं हुईं लेकिन वहां भी कोई विपक्षी नेता सुध लेने नहीं गया।
मंत्री राजभर ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन को लेकर कहा कि वहां समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और आजाद समाज पार्टी समेत कई विरोधी दलों के लोग पहुंचे और उन्होंने छात्रों से समर्थन का दावा किया। राजभर ने आरोप लगाते हुए कहा कि इन पार्टियों के नेताओं के साथ ही वहां कई उपद्रवी तत्व भी पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि अगर विपक्षी दल छात्रों के मुद्दे को लेकर इतने ही गंभीर हैं तो उन्हें झारखंड और पंजाब में भी पेपर लीक के मामलों पर आवाज उठानी चाहिए।
समाजवादी पार्टी द्वारा संसद में उठाए जा रहे मुद्दों पर पलटवार करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि सपा संसद में चर्चा से पूरी तरह भाग रही है क्योंकि वे असलियत का सामना नहीं करना चाहते। उन्होंने पिछली सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों के कार्यकाल में प्रदेश में खुलेआम पेपर बिकते थे वे आज पेपर लीक की बात कर रहे हैं। राजभर ने आरोप लगाया कि उस समय छात्र पैसे देकर पेपर खरीदते थे और अरहर तथा सरसों के खेतों में बैठकर पेपर लिखते थे। इसके बाद वे उसे अपने घर ले जाते थे और अगले दिन अपनी कॉपी परीक्षा केंद्र पर जमा करते थे। राजभर ने कहा कि विपक्ष को पहले अपने शासनकाल में हुई ऐसी घटनाओं का जवाब देना चाहिए।
ओम प्रकाश राजभर ने विपक्षी दलों पर छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छात्रों के हित की बात करने वाली पार्टियों को सभी राज्यों में होने वाली ऐसी घटनाओं पर समान रूप से आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष को संसद में चर्चा से बचने के बजाय सदन में अपनी बात रखनी चाहिए।
झारखंड में छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष युवाओं से जुड़े हर छोटे-बड़े मुद्दे पर लगातार अपनी आवाज उठा रहा है। सांसद डिंपल ने साफ कहा कि चाहे वह पेपर लीक का मामला हो या फिर प्राइमरी स्कूलों को बंद करने का फैसला विपक्ष हमेशा छात्रों और युवाओं के हक में मजबूती से खड़ा है।