
OP Rajbhar reacts SP Congress Seat Sharing: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत में फिलहाल दोनों दलों के बीच सहमति नहीं बन पाई है। दूसरी ओर सपा-कांग्रेस सीट बंटवारे की चर्चाओं को लेकर सियासत भी तेज है। समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस को 26 सीटें ऑफर किए जाने की खबरों पर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने करारा पलटवार किया है। ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया कि वे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को करीब से जानते हैं। उन्होंने कहा कि अभी 26 सीटों का आंकड़ा सामने आया है, लेकिन आने वाले दिनों में यह संख्या और कम होती जाएगी।
सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की अटकलों पर राजभर ने कहा कि कभी-कभी हम जानबूझकर बातें उल्टी कह देते हैं। उन्होंने कहा कि मैं समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को बहुत अच्छी तरह जानता हूं। राजभर ने आगे कहा कि, आप देखेंगे कि दोनों दलों के बीच अभी एक और बैठक होगी। फिलहाल 26 सीटों का आंकड़ा सामने आया है, इसके बाद 25 सीटों की सूची आएगी और कुछ दिनों बाद 22 सीटों की एक और सूची सामने आ जाएगी। राजभर ने कहा कि अंतिम निर्णय तभी लिया जाएगा जब दोनों दलों के नेता एक साथ बैठेंगे। इन लोगों के शोर मचाने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा
दरअसल, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा और कांग्रेस ने सीटों के बंटवारे पर बातचीत शुरू कर दी है। सोमवार को नई दिल्ली में राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के नेताओं की पहली बैठक हुई। करीब आधे घंटे चली इस बैठक में कांग्रेस ने सपा को A श्रेणी की 55 सीटों की सूची सौंपी।
दोनों दलों ने बातचीत को सौहार्दपूर्ण बताया। नेताओं के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों में सीट बंटवारे का फार्मूला तैयार करने की कोशिश होगी। मंगलवार को B और C श्रेणी की सीटों पर चर्चा होनी है। इसके बाद उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर सहमति बनाने की कोशिश की जाएगी।
बता दें कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर विपक्षी गठबंधन में सीटों के तालमेल को लेकर कयासों का दौर तेज है। हाल ही में ऐसी खबरें सामने आई थीं कि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव दिया है, जबकि कांग्रेस 125 सीटें मांग रही है। इन चर्चाओं को लेकर जहां कांग्रेस खेमे से तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, वहीं अब सत्ता पक्ष के नेता भी इस मुद्दे पर विपक्ष को घेरने में जुट गए हैं।