लखनऊ

‘अभी तेरहवीं भी नहीं बीती और अखिलेश यादव कर रहे हैं सनातन की बात’, PM नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी के लिए क्या बोले ओपी राजभर

OP Rajbhar Targeted Akhilesh Yadav And Rahul Gandhi: मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे को आर्थिक विकास के लिए जरूरी बताया।
2 min read
May 20, 2026
op rajbhar targeted akhilesh yadav and rahul gandhi know what say about pm narendra modi lucknow
अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर ओपी राजभर ने साधा निशाना। फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज

OP Rajbhar Targeted Akhilesh Yadav And Rahul Gandhi: उत्तर प्रदेश की राजनीति में सड़क पर नमाज, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे और महंगाई जैसे मुद्दों पर बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। वहीं, PM नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे का उन्होंने बचाव किया।

अखिलेश यादव के पलटवार पर क्या बोले राजभर?

CM योगी आदित्यनाथ के नमाज वाले बयान पर अखिलेश यादव के पलटवार पर ओपी राजभर ने कहा कि शायद अखिलेश यादव को सुप्रीम कोर्ट के आदेश की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि कोर्ट का स्पष्ट निर्देश है कि सड़क पर यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। अगर कहीं सड़क जाम की स्थिति बनती है तो प्रशासन कार्रवाई करता है और लोगों पर मुकदमे दर्ज किए जाते हैं। किसी भी व्यक्ति द्वारा सड़क बाधित किए जाने पर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही बोलने से पहले अदालत के आदेशों की जानकारी होना जरूरी है।

'अखिलेश यादव कुछ भी बोल सकते हैं'

पेट्रोल-डीजल बचाने को लेकर PM नरेंद्र मोदी की अपील पर अखिलेश यादव की टिप्पणी पर भी राजभर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, '' अखिलेश यादव कुछ भी बोल सकते हैं। अभी तेरहवीं भी नहीं बीती और सनातन की बात कर रहे हैं, कभी पूड़ी-जलेबी खा रहे हैं तो कभी आरती कर रहे हैं। सपा प्रमुख का राजनीतिक आचरण विरोधाभासी है और वह लगातार भ्रमित बयान दे रहे हैं।''

'कभी किसी मुस्लिम चेहरे को CM बनाने की बात नहीं'

BJP पर आरक्षण खत्म करने के आरोपों को लेकर भी ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में सपा की सरकार थी और अखिलेश यादव CM थे, तब भर्ती प्रक्रियाओं में भारी गड़बड़ी होती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न विभागों में भर्ती की सूची पहले से तैयार होकर अधिकारियों के पास भेजी जाती थी। उन्होंने कहा कि पिछड़ों के 27 प्रतिशत आरक्षण में अतिपिछड़ों का हक छीना गया। मुस्लिम समाज ने सपा को कई बार सत्ता तक पहुंचाया, लेकिन कभी किसी मुस्लिम चेहरे को CM बनाने की बात नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के नेताओं की राजनीति केवल जातीय टिप्पणियों और समाज को बांटने तक सीमित है।

राहुल गांधी के यूपी दौरे पर क्या बोले ओपी राजभर?

राहुल गांधी के यूपी दौरे और PM मोदी के विदेश दौरों पर किए गए सवालों पर राजभर ने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव एक-दूसरे की राह पर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये नेता विदेशों में जाकर भारत को कटघरे में खड़ा करते हैं और देश की संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं। अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के जरिए चुनाव जीतने के बाद भी EVM और आयोग पर सवाल उठाना विपक्ष की दोहरी राजनीति को दर्शाता है। PM नरेंद्र मोदी दुनिया के विभिन्न देशों में भारत के हितों को मजबूत करने के लिए जाते हैं और इससे व्यापार, आयात-निर्यात और अंतरराष्ट्रीय संबंध बेहतर होते हैं।

PM मोदी के विदेश दौरों और भारत-यूरोप के बीच व्यापार एवं निवेश साझेदारी को लेकर राजभर ने कहा कि PM मोदी की सोच दुनिया के देशों के साथ मिलकर शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ने की है। विभिन्न देशों के साथ सहयोग बढ़ाने से आर्थिक गतिविधियां तेज होती हैं और भारत को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाने में मदद मिलती है। दवा व्यापारियों की हड़ताल पर प्रतिक्रिया देते हुए ओपी राजभर ने कहा कि ऐसे आंदोलन ज्यादा प्रभावी नहीं होते। उन्होंने कहा कि एक घंटा सड़क पर चिल्लाने के बाद आंदोलन खत्म हो जाता है।