
UP Politics: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादवपर जमकर हमला बोला।
ओपी राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अखिलेश यादव की रणनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा, " आप कितने भी पैंतरे और हथकंडे अपना लें… प्रधान जी तो प्रधान ही रहेंगे। अपने एसपी वाले गुंडों को यह बात अच्छी तरह समझा देना कि विधानसभा चुनाव तो दूर की बात है, अब तुम लोग पंचायत चुनाव भी नहीं जीत पाओगे।"
मंत्री ओपी राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव के भाई लंदन निकल लिए हैं। एसपी कार्यकर्ता उनका सूटकेस, बैग और हैंडबैग उठाकर एयरपोर्ट तक ले जाएं। राजभर ने व्यंग्य करते हुए सुझाव दिया, "वहीं तुम्हें कुछ 'बढ़िया नंबर' मिल जाएंगे। उसके बाद सोशल मीडिया पर जाकर पोस्ट करना कि आज मुझे भैया जी (अखिलेश यादव) का बैग उठाने का सौभाग्य मिला।"
साथ ही उन्होंने ने यह भी कहा कि अखिलेश यादव अभी AC हॉल में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की स्थिति में भी नहीं हैं। उनके अपने लोग घोटालों में फंस गए हैं और योगी आदित्यनाथ सरकार की पुलिस उनकी देखभाल कर रही है। राजभर का आरोप है कि अगर अखिलेश AC हॉल में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे तो मीडिया वाले कड़े सवाल पूछना शुरू कर देंगे।
ओपी राजभर ने सपा पर 'लोमड़ी जैसी चालाकी' का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के लोग तुरंत असद, दिनेश यादव और मुबीन जैसे मामलों में विक्टिम कार्ड खेलना शुरू कर देते हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के गैर-यादव OBC और दलित समुदायों का जिक्र करते हुए दावा किया कि इस बार इन वर्गों ने मन बना लिया है। पंचायत से लेकर विधानसभा चुनाव तक न तो 'अहीर तुम्हें पीटेंगे' वाला नारा चलेगा और ना ही 'अल्पसंख्यक तुम्हें पीटेंगे' वाला नारा काम आएगा।
वहीं, लखनऊ के रियल एस्टेट कारोबारी संदीप सिंह के हत्याकांड को लेकर यूपी सरकार के मंत्री ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। राजभर ने कहा कि जिस मर्डर को लेकर अखिलेश यादव लगातार सरकार पर सवाल उठा रहे थे, उसका मुख्य आरोपी खुद अखिलेश यादव का करीबी और सपा का ही आदमी निकला है।