लखनऊ

योगी और अखिलेश पर ओवैसी ने लगाया धर्म की राजनीति करने का आरोप, कहा ‘दोनों में मोदी से बड़ा हिंदू बनने की प्रतिस्पर्धा’

यूपी चुनाव में उतरे ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच सबसे बड़ा हिंदू बनने की प्रतियोगिता चल रही है।
2 min read
• •
Updated: 30 Jan 2022, 11:19 AM IST
Owaisi says Fight Between Yogi and Akhilesh who is Biggest Hindu
Owaisi says Fight Between Yogi and Akhilesh who is Biggest Hindu

यूपी चुनाव में उतरे ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसा है। उन्होंने बीजेपी और सपा पर धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच सबसे बड़ा हिंदू बनने की प्रतियोगिता चल रही है। दोनों मोदी से बड़ा हिंदू बनने की प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। अगर कोई मंदिर की बात करता है, तो दूसरा किसी दूसरे मंदिर की बात करता है। लेकिन अल्पसंख्यक, पिछड़े वर्ग की कोई बात नहीं कर रहा। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर में एक भी मुस्लिम को टिकट नहीं दिया। बता दें कि एआईएमआईएम ने 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। उन्होंने गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के दो उम्मीदवारों में से एक की पुष्टि भी की है।

दो मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा

ओवैसी ने घोषणा की कि भागीदारी संकल्प मोर्चा के तहत 403 सीटों में से हम लगभग 100 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। भागीदारी संकल्प मोर्चा के तहत सभी दलों ने फैसला किया कि बाबू सिंह कुशवाहा हमारे संयोजक होंगे। अगर हम जीतते हैं तो वह पहले 2.5 साल हमारे मुख्यमंत्री होंगे और बाकी 2.5 साल हम दलित को सीएम बनाएंगे। तीन उप मुख्यमंत्री होंगे, जिनमें से एक मुस्लिम समुदाय से और दो पिछड़े समुदाय से होंगे।

जिन्ना पर बयान अखिलेश की सोच को दर्शाता है- ओवैसी

ओवैसी ने कहा कि जिन्ना का भारत से कोई ताल्लुक नहीं है। लेकिन अखिलेश ने जिन्ना का नाम लेकर बीजेपी को बहुत बड़ा मुद्दा दे दिया है। जिन्ना पर बयान अखिलेश की सोच को दिखाता है। वहीं, सीएम योगी के 'ओवैसी सपा के एजेंट हैं' वाले बयान पर कहा, 'अगली बार आप इन नेताओं को आमने-सामने बैठाकर तय करा लीजिएगा कि ओवैसी किसके एजेंट हैं।'

Published on: