लखनऊ

Prateek Yadav Death: प्रतीक यादव की मौत से गम में डूबा परिवार, सोशल मीडिया पर अखिलेश को क्यों कोस रहे लोग?

प्रतीक यादव के निधन (Prateek Yadav Death) के बाद उनके परिवार में शोक का महौल है। इसी बीच सोशल मीडिया यूजर्स समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ( Samajwadi Party President Akhilesh Yadav) पर सवाल उठा रहे हैं, क्या है पूरा मामला?
2 min read
May 13, 2026
Akhilesh Yadav
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (File Photo- Patrika)

Prateek Yadav Death: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव (Akhilesh Yadav Brother Prateek Yadav) का बुधवार को निधन हो गया है। आज सुबह लगभग 6 बजे प्रतीक यादव को लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था, वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रतीक की मौत के बाद सोशल मीडिया यूजर्स समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को कोस रहे हैं।

अखिलेश यादव को क्यों कोसने लगे लोग?

मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के निधन से समाजवादी पार्टी और उनके परिवार में गम का माहौल है। प्रतीक के निधन के बाद अखिलेश यादव के सोशल मीडिया पोस्ट की वजह से लोग उन्हें ट्रोल कर रहे हैं। दरअसल, अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'X' पर पोस्ट करके प्रतीक को श्रदांजलि दी है। अखिलेश ने 'X' पर लिखा- श्री प्रतीक यादव जी का निधन, अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। विनम्र श्रद्धांजलि!

अखिलेश के पोस्ट पर भड़के सोशल मीडिया यूजर

प्रतीक यादव के निधन के बाद अखिलेश यादव की 'X' पोस्ट से सोशल मीडिया यूजर भड़क गए और उन्हें कोसने लगे। अखिलेश यादव के शोक संदेश पर कई यूजर्स ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा। यूजर्स ने सवाल उठाया कि जब प्रतीक यादव उनके इतने करीब थे, तो 'X' पोस्ट सिर्फ एक औपचारिकता जैसा क्यों लग रहा है? एक यूजर ने अखिलेश की पोस्ट पर कमेंट में लिखा- प्रतीक भाई थे आपके, कोई बाहर वाला नहीं था, जो फॉर्मेलिटी वाला पोस्ट कर दिया।

अखिलेश के बयान पर भी लोगों ने उठाए सवाल

प्रतीक यादव के निधन के बाद अखिलेश द्वारा मीडिया में दिए गए बयान पर भी लोगों ने सवाल उठाए हैं। एक 'X' यूजर ने सपा अध्यक्ष का बयान पोस्ट करते हुए लिखा- अखिलेश, सेफ प्ले कर रहे हैं। उन्होंने सब कुछ परिवार और कानून पर छोड़ दिया है। दूसरे यूजर ने लिखा- इस घटना में कहीं करीबियों का हाथ तो नहीं है? अखिलेश यादव के 'X' पोस्ट और मीडिया में दिए गए बयान पर कुछ यूजर्स ने कहा- नजदीकी रिश्ते के बावजूद सपा अध्यक्ष की पोस्ट में भावनात्मक जुड़ाव कम दिखाई दिया।

प्रतीक यादव के निधन पर समाजवादी पार्टी का पोस्ट

अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव के निधन पर समाजवादी पार्टी ने अपने ऑफिशियल 'X' अकाउंट पर श्रद्धांजली दी है। सपा ने 'X' पर लिखा- श्री प्रतीक यादव जी का निधन, अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि!

प्रतीक के निधन पर अखिलेश ने क्या कहा?

प्रतीक के निधन के बाद अखिलेश ने मीडिया से कहा- मैंने प्रतीक को बचपन से देखा है, बहुत ही अच्छा लड़का था। हमें बहुत दुख है कि आज वो हमारे बीच नहीं है। इस दौरान मीडिया ने अखिलेश से पूछा कि क्या प्रतीक की मौत की जांच होनी चाहिए? जवाब में अखिलेश ने कहा कि जो कानूनी कार्रवाई हो और जो परिवार कहता है हम उसको मानेंगे। उन्होंने आगे कहा कि जांच तो होनी चाहिए।

क्या बोले धर्मेंद्र यादव?

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव के निधन पर सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा- हमें आज सुबह करीब 6:45 बजे उनके निधन की सूचना मिली। हमें उनके स्वास्थ्य की सूचना पहले थी, लेकिन ये आशंका नहीं थी कि इस प्रकार की घटना हो जाएगी। वे मेदांता में भर्ती थे, सलाह लेकर डिस्चार्ज भी हुए थे।

Updated on:
13 May 2026 04:02 pm
Published on:
13 May 2026 03:52 pm