
लखनऊ. विश्व हिंदू परिषद के पूर्व नेता प्रवीण तोगड़िया ने आज यहां अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद का निर्माण का एलान किया। इस मौके पर उन्होंने केंद्र सरकार पर राम मंदिर को लेकर सवाल भी उठाए और निशाना भी साधा। तोगड़िया ने कहा कि मोदी सरकार राम मंदिर को लेकर सिर्फ कोरी राजनीति कर रही है। उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यह हिन्दुओं के साथ अन्याय है। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि यदि मोदी सरकार को कोर्ट का ही आदेश मानना था तो उन्होंने मंदिर निर्माण का जनता से वादा क्यों किया।
सरकार को दी चेतावनी
प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि केंद्र सरकार सोमनाथ की तर्ज पर कानून बनाकर अयोध्या में राम मंदिर बनाए। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रस्ताव में पास किया था। बीजेपी की घोषणा पत्र में भी राम मंदिर को शामिल किया गया था। फिर 2014 में जनता का बहुमत हासिल करने के बाद भी सरकार ने कुछ नहीं किया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार के पास 4 महीने का समय है, अगर अक्टूबर तक मंदिर नहीं बना तो यहीं लखनऊ से अयोध्या के लिए कूच करेंगे।
सरकार ने विश्वासघात किया
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बहुमत मिलने के बाद भी सरकार ने कुछ नहीं किया। मोदी सरकार के चार साल बीत गए। मोदी सरकार ने हिंदुओं से अयोध्या में राम मंदिर का वादा किया था। लेकिन, चार साल बीतने के बाद भी सरकार ने कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा सराकर ने हिंदुओं के साथ विश्वासघात किया है। प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, 'हो सकता है मेरे बड़े भाई नरेंद्र मोदी को विदेश घूमने के कारण संसद में कानून बनाने का समय नहीं मिल रहा होगा। इसलिए हमने संतों के आशीर्वाद से सुप्रीम कोर्ट के बड़े अधिवक्ताओं द्वारा राम मंदिर निर्माण के कानून का प्रस्ताव बनाया है। इसे मैं आज रिलीज कर रहा हूं। इसे हम अयोध्या में भगवान रामलला के चरण में रखेंगे।
जनता से वादा क्यों किया
बीजेपी द्वारा लगातार कोर्ट के फैसले का हवाला देने से नाराज प्रवीण तोगडिय़ा ने कहा कि साल १९८४ में ये संकल्प किया गया था कि सोमनाथ की तर्ज पर अयोध्या में मंदिर बनेगा। अगर कोर्ट के आदेश से ही मंदिर बनाना था तो जनता को वचन नहीं देना चाहिए था।
जनता करेगी फैसला
तोगडिय़ा ने कहा, 'बीजेपी और कांग्रेस को बहुमत हिंदुओं की दया पर है। उन्होंने कहा कि मेरा नारा हिन्दुओं का साथ, हिन्दुओं का विकास है। अगर मंदिर नहीं बना तो हमें तीसरा विकल्प की तलाश करनी होगी। साल 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में हिन्दू जनता इसका फैसला कर लेगी।
राम मंदिर विधेयक जारी किया
प्रवीण तोगडिय़ा ने कहा कि उन्होंने राम मंदिर निर्माण को लेकर सुप्रीम कोर्ट के विशेषज्ञ वकीलों की सहायता से श्रीराम जन्म स्थान मंदिर विधेयक 2018 बनाया है, जिसे वह राष्ट्रहित में जारी कर रहे हैं। इस विधेयक के बनने के बाद राम मंदिर निर्माण का रास्ता आसान हो जाएगा।