लखनऊ

UP By Elections 2019 : प्रियंका और सिंधिया का कड़ा इम्तिहान लेने को तैयार यूपी विधानसभा उपचुनाव

- UP By Elections 2019- यूपी की 12 विधानसभा सीटों पर होना है उपचुनाव- Priyanka Gandhi और Jyotiraditya Scindia के पास है अहम जिम्मेदारियां- सपा-बसपा और कांग्रेस अलग-अलग चुनाव लड़ेंगी- कांग्रेस ने की खास तैयारियां

3 min read
Jun 20, 2019
Uttar Pradesh bypolls, Congress, Priyanka Gandhi, Jyotiraditya Scindia, SP, BSP, BJP, Priyanka And Jyotiraditya, Jyotiraditya Scindia In Uttar Pradesh
UP By Elections 2019 : प्रियंका और सिंधिया का कड़ा इम्तिहान लेने को तैयार यूपी विधानसभा उपचुनाव

लखनऊ. लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा उपचुनाव (UP Vidhan Sabha By Election 2019) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi) और ज्योतिरादित्य सिंधिया का इम्तिहान लेने को तैयार हैं। आम चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में खाली हुई 12 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने जा रहा है, जिसमें से प्रियंका गांधी के प्रभार वाले क्षेत्र की 8 और ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रभार वाली 4 सीटें शामिल हैं। गौरतलब है कि आम चुनाव से ठीक पहले प्रियंका गांधी को पूर्वी उत्तर प्रदेश और ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का लोकसभा प्रभारी बनाया गया था।

लोकसभा चुनाव में मिलकर चुनाव लड़ने वाली सपा-बसपा ने अलग-अलग उपचुनाव लड़ने का एलान किया है, वहीं कांग्रेस ने भी अकेले ही विधानसभा उपचुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी की कोशिश उपचुनाव में बड़ी जीत दर्ज कर 2022 से पहले राज्य के कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने की है। इसके लिए पार्टी सभी 12 सीटों पर एक-एक प्रभारी बनाने जा रही है। यह प्रभारी सीधे ब्लॉक, सेक्टर और बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं के बीच जाएंगे और उनसे फीडबैक लेंगे। उनकी रिपोर्ट के आधार पर ही कांग्रेस पार्टी उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों का नाम फाइनल करेगी।

कांग्रेस कर रही पुख्ता तैयारी
कांग्रेस सूत्रों की मानें तो लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक में सामने आया है कि हार का प्रमुख कारण पार्टी के बड़े नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच सामंजस्य की कमी थी। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी का कहना है कि पार्टी आलाकमान सूबे के ईमानदार व कर्मठ कार्यकर्ताओं की लिस्ट तैयार करवा रहा है, जिसके आधार पर संगठन में उन्हें अहम जिम्मेदारी देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रियंका गांधी हफ्ते में एक दिन या फिर दो हफ्तों में लगातार दो दिन कार्यकर्ताओं से मिलेंगी।

12 में 10 सीटें भाजपा के पास
17वीं लोकसभा में 11 विधायकों को सांसद चुने जाने के कारण उनकी सीट रिक्त हो गई है, जिस पर उपचुनाव होना है। इसके अलावा हमीरपुर के विधायक अशोक सिंह चंदेल को उम्रकैद की सजा मिलने बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त कर दी गई है। आपको बता दें उत्तर प्रदेश की जिन 12 सीटों पर उपचुनाव होना है, उनमें से 10 सीटें भारतीय जनता पार्टी के पास और सपा-बसपा के पास एक-एक सीट है।

प्रियंका गांधी के प्रभार वाली सीटें
गोविंदनगर (कानपुर)- सत्यदेव पचौरी- कानपुर से भाजपा से सांसद
लखनऊ कैंट- रीता बहुगुणा जोशी- इलाहाबाद से भाजपा सांसद
मानिकपुर (बांदा)- आरके पटेल- बांदा से भाजपा सांसद
जैदपुर (बाराबंकी)- उपेंद्र रावत- बाराबंकी से भाजपा सांसद
बलहा (बहराइच)- अक्षयवार लाल गौंड- बहराइच से भाजपा से सांसद
प्रतापगढ़- संगमलाल गुप्ता- प्रतापगढ़ से भाजपा से सांसद
जलालपुर (अंबेडकरनगर)- रितेश पांडेय- अंबेडकरनगर से बसपा सांसद
हमीरपुर- अशोक सिंह चंदेल- मर्डर केस में फंसे, विधानसभा सदस्यता निरस्त

ज्योतिरादित्य सिंधिया के जिम्मे यह सीटें
रामपुर- आजम खान- समाजवादी पार्टी के सांसद
गंगोह (सहारनपुर)- प्रदीप चौधरी- कैराना से बीजेपी सांसद
इगलास- राजबीर सिंह दलेर- हाथरस से भाजपा सांसद
टूंडला (अलीगढ़)- एसपी सिंह बघेल- आगरा से भाजपा सांसद

उपचुनाव की तैयारियां शुरू
कांग्रेस ही नहीं, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और भारतीय जनता पार्टी ने भी विधानसभा उपचुनाव (UP Vidhan Sabha By Election 2019) की तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi ) ने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से उपचुनाव की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया है।

Updated on:
20 Jun 2019 09:51 pm
Published on:
20 Jun 2019 04:10 pm