- Unnao Rape Victim Accident Case मामले में Priyanka Gandhi के तीखे तेवरों का सामना कर रही भारतीय जनता पार्टी, कहा- मजबूती से न्याय की लड़ाई लड़ते रहेंगे
लखनऊ. सोनभद्र नरसंहार मामले के बाद अब उन्नाव कांड (Unnao Rape Case) को लेकर कांग्रेसियों ने भारतीय जनता पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कांग्रेसी कार्यकर्ता सड़कों पर हैं और प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) के तेवर तीखे हैं। बुधवार को कांग्रेेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने 'उन्नाव की बेटी' हैशटैग से ट्वीट करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि उन्नाव बलात्कार मामला व पीड़िता के पूरे परिवार को प्रताड़ित करना सत्ता के सरंक्षण के बिना सम्भव नहीं। अब परतें खुल रही हैं और भाजपा नेताओं के नाम और पुलिस की लीपापोती सामने आ रही है।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि कांग्रेस न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। यह लड़ाई हम मजूबती से लड़ेंगे। मंगलवार को भी लखनऊ में कांग्रेसियों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा कार्यालय को घेरने की कोशिश की थी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें शाम को रिहा कर दिया गया। बुधवार को कांग्रेसियों ने उन्नाव कांड में पीड़ित व परिवार के न्याय के लिए उपवास रखा। धरने पर बैठे कांग्रेसियों ने कहा कि भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था दम तोड़ रही है।