अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है...
लखनऊ. मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिये अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। गौरतलब है कि शनिवार को चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, मिजोरम और तेलंगाना समेत पांच राज्यों में चुनावों की तारीख का ऐलान कर दिया है। 28 नवंबर को मध्य प्रदेश में मतदान है, इसे देखते हुए सपा उम्मीदवारों की पहली लिस्ट घोषित कर दी गई है।
चुनाव आयोग ने जैसे ही मध्य प्रदेश सहित पांच राज्यों का चुनावी शेड्यूल जारी किया, थोड़ी ही देर बाद समाजवादी पार्टी ने पार्टी प्रत्याशियों की एक लिस्ट शेयर कर दी। एमपी चुनाव के लिए इस लिस्ट में छह उम्मीदवारों के नाम घोषित किये गये हैं। समाजवादी पार्टी के बड़े नेता मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी संभालेंगे। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में कुल 230 विधानसभा सीटें हैं। मौजूदा समय में बीजेपी के पास 165, कांग्रेस के पास 58 और बसपा के पास 04 विधायक हैं।
इन्हें मिला सपा से टिकट
केके सिंह को मध्य प्रदेश के सीधी जनपद से समाजवादी पार्टी का टिकट मिला है, वहीं परसवाड़ा से कंकर मुंजारे, बालागढ़ से अनुभा मुंजारे, निवाड़ी के टीकमगढ़ से मीरा यादव, पन्ना से दशरथ सिंह यादव और बुधनी के सीहोर जिले से अशोक आर्या को समाजवादी पार्टी का प्रत्याशी बनाया गया है।
अखिलेश ने छोड़ा राहुल का 'हाथ'
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने मायावती की तरह ही अखिलेश यादव को तगड़ा झटका दिया है। राज्य में समाजवादी पार्टी कांग्रेस से नहीं बल्कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से गठबंधन करेगी। अखिलेश यादव प्रेसवार्ता करते हुए कहा कि कांग्रेस का बहुत इंतजार किया, अब गठबंधन नहीं होगा। इतना ही नहीं अखिलेश यादव दो टूक कहा कि मध्य प्रदेश ही नहीं अन्य राज्यों में भी समाजवादी पार्टी कांग्रेस से गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सपा अब गोंडवाना गणतंत्र पार्टी संग गठबंधन कर मध्य प्रदेश का विधानसभा चुनाव लड़ेगी। कहा कि दोनों राज्यों में गठबंधन के लिये बहुजन समाज पार्टी से भी बात की जाएगी।