UP SIR First Draft Voter List: उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा का कहना है कि लगभग 18 प्रतिशत मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। मतदाताओं की सहायता के लिए चुनाव आयोग ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।
UP SIR Draft Voter List 2026: उत्तर प्रदेश में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की पहली ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है। अब मतदाता चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम देख सकते हैं। इस संबंध में चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए विस्तृत जानकारी साझा की है।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया, ''राज्य में कुल 12.55 करोड़ मतदाता दर्ज किए गए हैं। पहले चरण की प्रक्रिया के बाद करीब 2.89 करोड़ नाम, यानी लगभग 18 प्रतिशत मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। 6 जनवरी से दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिन मतदाताओं का नाम पहली ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं है, वे 6 फरवरी तक फॉर्म-6 या फॉर्म-7 भरकर आवेदन कर सकते हैं, जिससे उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ा जा सके।
आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 भरा जाएगा। मतदाताओं की सहायता के लिए चुनाव आयोग ने हेल्पलाइन नंबर 1950 भी जारी किया है। इस नंबर पर कॉल कर भी संबंधित सवालों के जवाब लिए जा सकते हैं। वहीं शहरी क्षेत्रों से अपेक्षाकृत कम सहयोग मिलने को देखते हुए आयोग ने विशेष कैंप आयोजित करने की योजना बनाई है। अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च 2026 को जारी की जाएगी।
| स्टेप | प्रक्रिया |
|---|---|
| स्टेप 1 | चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/download-eroll पर जाएं |
| स्टेप 2 | राज्य और जिला चुनें |
| स्टेप 3 | संबंधित विधानसभा क्षेत्र (Assembly Constituency) का चयन करें |
| स्टेप 4 | अपना बूथ (Polling Booth) सेलेक्ट करें |
| स्टेप 5 | ड्राफ्ट मतदाता सूची डाउनलोड कर लें |
सबसे ज्यादा लखनऊ से कटे नाम
ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार लखनऊ जिले में सबसे ज्यादा करीब 30 प्रतिशत मतदाताओं के नाम कटे हैं। पहले जहां जिले में 39,94,535 मतदाता दर्ज थे, अब यह संख्या घटकर 27,94,397 रह गई है।
इसी तरह बलरामपुर जिले में 25.98 प्रतिशत वोट कम हुए हैं। यहां पहले 15,83,027 मतदाता थे, जो अब घटकर 11,71,826 रह गए हैं। हापुड़ जिले में 22.30 प्रतिशत मतदाताओं के नाम सूची से हटे हैं। यहां पहले 11,56,699 वोटर दर्ज थे, जो अब 8,98,796 रह गए हैं। वहीं संभल जिले में भी मतदाताओं की संख्या में 20.29 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।