गैर-गुजरातियों पर हमले से यूपी में सियासी उबाल, विपक्षी दल के नेता बोले- हम देश बनाएं आप मुझे मार भगाएं यह कतई बर्दाश्त नहीं
लखनऊ. महाराष्ट्र के बाद अब गुजरात हिंदी प्रदेशों से आए लोगों के लिए घृणा हिंसा का केंद्र बन गया है। यूपी और बिहार से आए प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाया जा रहा है। स्थानीय लोग हमले कर रहे हैं। गुजरात के मेहसाणा, साबरकांठा अहमदाबाद, अरावली, पाटण और गांधीनगर जिलों जिले में 28 सितंबर से ही डर की वजह से पलायन जारी है। आठ अक्टूबर तक गुजरात छोड़ देने की धमकी दी जा रही है। मॉब लिंचिंग के डर से लोग भाग रहे हैं। अब तक 2000 से ज्यादा लोग यहां से पलायन कर चुके हैं। पुलिस ने मामले में अब तक 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है, बावजूद पयालन जारी है। पुलिस का कहना है कि यह पलायन नहीं, बल्कि त्योहार की वजह से लोग अपने घरों को लौट रहे हैं। यूपी वालों पर हो रहे हमलों को लेकर सूबे में राजनीतिक उबाल आ गया है। विपक्षी दलों के नेताओं का कहना है कि हम देश बनाएं और आप मुझे मार भगाएं यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गुजरात में गैर-गुजरातियों पर हो रहे हमलों को लेकर सूबे की राजनीति में उथल-पुथल मच गई है। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, रालोद और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने यूपी-बिहार के लोगों पर हो रहे हमलों की कड़ी निंदा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने कहा कि यूपी के लोग आपको सांसद और देश का प्रधानमंत्री बनायें और आप हमें ही गुजरात से मार भगायें, प्रदेश के लोग इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस बार के लोकसभा चुनाव में यूपी की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी को सबक सिखाएगी, यहां के लोग इस बार किसी भी बाहरी व्यक्ति को वोट नहीं देंगे और न ही जीतने देंगे।
वोट मांगने वाराणसी ही आएंगे पीएम मोदी : कांग्रेस
कांग्रेस पार्टी के नेता संजय निरूपम ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ये न भूलें की कल को उन्हें वोट मांगने के लिए वाराणसी ही जाना है। वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है। एक व्यक्ति की सजा सबको नहीं दी जा सकती है। गुजरात में महाराष्ट्र वाला पैटर्न शुरू हो चुका है। ये बेहद खतरनाक है। जिस यूपी ने पीएम को गोद लिया था और अब उन्हीं पीएम के गुजरात में यूपी वालों पर हमले किये जा रहे हैं। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ नौजवानों का अयोग्य बताते हैं, उन्हें रोजगार दे नहीं पाते हैं। इस कारण जब युवा नौकरी की तलाश में गुजरात में जाते हैं तो उन्हें पीटा जा रहा है।
हमलों पर चुप क्यों हैं पीएम मोदी : रालोद
राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रवक्ता अनिल दुबे ने कहा कि गुजरात में जो हो रहा है वो दुखद और चिंताजनक है। गुजरात से आए नरेंद्र मोदी को यूपी से संसद में जाने का मौका मिला और अब उन्हीं के प्रदेश में यूपी वालों पर जुर्म हो रहा है। पीएम के राज्य में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, ये बेहद दुखद है। उससे भी दुखद है कि पीएम मोदी इस पर चुप हैं।
गुजरात में 40 फीसदी अफसर यूपी-बिहार के
गुजरात में सबसे ज्यादा हमले यूपी-बिहार के लोगों पर हो रहे हैं, जबकि राज्य की कानून-व्यवस्था का जिम्मा जिन आईएएस-आईपीएस अपसरों पर है, उनमें 40 फीसदी यानी करीब 243 अधिकारी यूपी-बिहार के ही हैं। डीजीपी शिवानंद झा और मुख्य सचिव जेएन सिंह बिहार के हैं, वहीं गृह सचिव एके तिवारी उत्तर प्रदेश के हैं।
यूपी से ही सांसद हैं पीएम नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश से ही सांसद हैं। उन्हें यूपी की जनता ने चुनकर संसद में भेजा है। यह यूपी की जनता का ही कमाल था कि आज नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में यूपी की 80 में 73 सीटों पर भगवा लहराया था। 2017 के गुजरात विधानसभा चुनाव में भी जब कमल खिलाने की बारी आई, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत यूपी के कई दिग्गज नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं ने कई दिनों तक गुजरात में चुनाव प्रचार किया और बीजेपी को जीत दिलाई।
गैर-गुजरातियों पर क्यों हो रहे हैं हमले
बीते 28 साबरकांठा जिले में 14 माह की बच्ची से बलात्कार हुआ था। मामले में एक बिहारी मजदूर रघुवीर साहु को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से ही गुजरात में गैर-गुजरातियों खासकर यूपी-बिहार और मध्य प्रदेश के लोगों पर जानलेवा हमले हो रहे हैं। पुलिस मुस्तैद है, बावजूद इसके गैर गुजरातियों में खौफ का माहौल है।
पत्रिका फेसबुक Live से जुड़े लोग
इस बड़े मुद्दे को लेकर पत्रिका उत्तर प्रदेश की टीम ने फेसबुक लाइव किया। हमारे एफबी लाइव से बड़ी संख्या में पाठक जुड़े। तमाम लोगों के विचार सामने आये। सीधे गुजरात से गई पाठक हमसे जुड़े और वहां की ताजा स्थिति के बारे में जानकारी साझा की। गांधी नगर से अखिलेश चौबे ने बताया कि वह गांधी नगर मनसा में हैं, जहां उन्हें मारने की धमकी दी गई है। कहा गया है कि तुम लोग गुजरात से भाग जाओ नहीं तो मार दिये जाओगे। कहा कि मुझे थप्पड़ भी मारा गया है जो कैमरे में कैद है। उन्होंने पत्रिका से मदद की अपील की।
मतीबुल अंसारी ने कमेंट कर बताया कि सर मैं रहता हूं सऊदी अरब में और मैं बिहार का रहने वाला हूं। मेरे जितने भी घर के सदस्य हैं, वह गुजरात में रहते हैं उनसे मेरी बात नहीं हो पा रही है। पता नहीं क्या हुआ है मैं डर भय के साथ जी रहा हूं कृपया करके आप लोग हमारी मदद करें।