
TMC Rebel MPs: तृणमूल कांग्रेस यानी TMC के बागी सांसदों की लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत भी पूरी तरह से गरमा गई है। इस राजनीतिक हलचल पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रविदास मेहरोत्रा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा केंद्रीय जांच एजेंसियों का डर दिखाकर विपक्ष को खत्म करने की साजिश रच रही है।
लखनऊ में मीडिया से बातचीत करते हुए सपा नेता रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों का डर दिखाकर विपक्षी पार्टियों को तोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने साफ तौर पर आरोप लगाया कि पूरे देश में प्रशासन और सत्ता का खुलेआम दुरुपयोग किया जा रहा है ताकि विपक्ष की आवाज को पूरी तरह से दबाया जा सके।
सपा नेता ने पश्चिम बंगाल की राजनीति और टीएमसी में चल रही मौजूदा खींचतान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा बंगाल में भी टीएमसी को तोड़ने की लगातार कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कुछ विधायक भले ही भाजपा से मिल गए हों या उनके संपर्क में हों लेकिन वहां की जनता आज भी टीएमसी के साथ मजबूती से खड़ी है।
रविदास मेहरोत्रा ने जोर देकर कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी ही असली टीएमसी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का समर्थन ममता बनर्जी के पास है और भाजपा विपक्ष को कमजोर करने के अपने मंसूबों में कभी कामयाब नहीं हो पाएगी।
बता दें कि बंगाल की राजनीति में TMC के लिए यह बेहद मुश्किल दौर माना जा रहा है। जो नेता कभी ममता बनर्जी के बेहद करीब और उनके सबसे खास माने जाते थे अब वही उनका साथ छोड़ रहे हैं। TMC के अंदर हालात इतने खराब हो गए हैं कि कई बड़े और कद्दावर नेता या तो पार्टी से किनारा कर रहे हैं या फिर पार्टी में ही रहकर अपना अलग गुट बनाने की कोशिशों में लगे हुए हैं। एक के बाद एक हो रहे इन इस्तीफों और नेताओं की बगावत ने TMC के भीतर सियासी घमासान मचा दिया है।