लखनऊ

विपक्ष जनता को कर रहा गुमराह, भाजपा कार्यकर्ता हर झूठ का सच्चाई के साथ दे रहे जवाब : पंकज चौधरी

UP BJP President Pankaj Chaudhary statement : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सोमवार को अयोध्या दौरे पर थे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण को समर्पित कार्यकर्ताओं का विशाल परिवार है।
2 min read
Jan 12, 2026
Feature image
पंकज चौधरी बोले- 2027 सिर्फ चुनाव नहीं, उत्‍तर प्रदेश के विकास की निरंतरता का संकल्प, PC- IANS

लखनऊ : यूपी भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव केवल सत्ता की लड़ाई नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश में विकास, सुशासन और राष्ट्रवादी राजनीति की निरंतरता का संकल्प है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करते हुए जनसंपर्क व जनविश्वास की इस निर्णायक लड़ाई में पूरी ऊर्जा के साथ जुटें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सोमवार को अयोध्या दौरे पर थे। इस दौरान उनका कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण को समर्पित कार्यकर्ताओं का विशाल परिवार है। संगठन की वास्तविक ताकत उसका कार्यकर्ता है।

'अंतिम व्यक्ति को लाभ पहुंचाना सरकार का लक्ष्य'

उन्होंने कहा कि वे स्वयं एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में संगठन से जुड़े रहे हैं और प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मिली जिम्मेदारी को कार्यकर्ताओं के सहयोग से पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में पहली बार गरीब, किसान, श्रमिक, महिला और युवा शासन की प्राथमिकता बने हैं। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र के साथ केंद्र सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।

प्रदेश सीएम योगी के नेतृत्व में छू रहा ऊंचाईयां

पंकज चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था, विकास और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, जिसके चलते प्रदेश तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को न तो देश का विकास रास आता है और न ही गरीब कल्याण की योजनाएं। वे भ्रम, झूठ और नकारात्मकता फैलाकर जनता को गुमराह करना चाहते हैं, लेकिन भाजपा का कार्यकर्ता हर झूठ का जवाब सच्चाई, सेवा और संगठन की ताकत से देगा।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं द्वारा मिले स्नेह, सम्मान और उत्साह के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यही ऊर्जा संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है और यही भाजपा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

Updated on:
12 Jan 2026 08:08 pm
Published on:
12 Jan 2026 08:08 pm