लखनऊ

राष्ट्रगान पूरा होने से पहले ही चल दिए सतीश महाना, कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप

National Anthem Controversy: उन्नाव में राष्ट्रगान के बीच UP विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के मंच से उतरकर जाने पर विवाद खड़ा हो गया। कांग्रेस ने गंभीर आरोप लगाए, जबकि कार्यक्रम आयोजक ने राष्ट्रगान को लेकर अलग दावा किया।
2 min read
Aug 23, 2026
speaker satish mahana
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना (X Photo Braj Shyam Maurya)

UP Assembly Speaker Satish Mahana: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में आयोजित प्रधानाचार्य परिषद के 46वें प्रांतीय अधिवेशन, शैक्षिक संगोष्ठी और सम्मान समारोह से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना राष्ट्रगान के दौरान मंच से नीचे उतर गए। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने इस घटना को लेकर सवाल उठाए हैं। हालांकि, हालांकि, राजस्‍थान पत्रिका इस वीडियो की पुष्टि की पुष्टि नहीं करता है। वहीं, कार्यक्रम के आयोजक ने इस दावे से अलग बात कही है। आयोजक के मुताबिक, जिस स्थान पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा था, वहां राष्ट्रगान नहीं बज रहा था।

राष्ट्रगान के बीच मंच से उतरे सतीश महाना

सतीश महाना कानपुर की महाराजपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं और उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हैं। वह उन्नाव के पूरन नगर स्थित एक स्कूल में उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के 46वें प्रांतीय सम्मेलन और संगोष्ठी में शामिल होने पहुंचे थे।

कार्यक्रम में प्रोटोकॉल के तहत पुलिस की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके तुरंत बाद राष्ट्रगान शुरू हुआ। वायरल वीडियो में महाना सलामी मंच पर खड़े नजर आते हैं। कुछ देर बाद वह अचानक पीछे की ओर मुड़ते हैं और कान के पास कुछ ठीक करते हुए मंच से नीचे उतर जाते हैं।

कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल

वीडियो वायरल होने के बाद जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता दिनेश शुक्ला ने फेसबुक पर लिखा कि अपने प्रोटोकॉल का सम्मान लिया और चल दिए, क्या यह अपमान नहीं है, इसके बाद कई अन्य लोगों ने भी वीडियो साझा कर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। इस पूरे मामले को लेकर अब वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम और आयोजक के बयान के बीच अंतर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

मंच पर राष्ट्रगान बजता रहा, सतीश महाना वहां से चले गए

वीडियो में दिखाई देता है कि मंच से नीचे उतरने के बाद कुछ दूरी पर खड़े समर्थक भी उनके साथ आ जाते हैं। इस दौरान कुछ लोग उनके पैर छूते नजर आते हैं। राष्ट्रगान बजता रहता है और सतीश महाना अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से रवाना हो जाते हैं। राष्ट्रगान पूरा होने से पहले उनके जाने को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वहीं, मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक, कार्यक्रम के आयोजक वेणु रंजन भदौरिया ने इस मामले में अलग बात कही। उन्होंने बताया, जहां गार्ड ऑफ आनर दिया जा रहा था, वहां राष्ट्रगान नहीं बज रहा था। यह राष्ट्रगान जहां कार्यक्रम था, वहां बज रहा, आवाज यहां तक आ रही थी।

कार्यक्रम में शिक्षा पर बोले महाना

कार्यक्रम के दौरान सतीश महाना ने शिक्षा और संस्थानों की भूमिका पर भी बात की। उन्होंने कहा कि हमारे देश के संस्थान मजबूत होने चाहिए, क्योंकि संस्थान मजबूत रहेंगे तो देश मजबूत रहेगा। शिक्षा संस्थान राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं, यह बात विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शनिवार को एसवीएम इंटर कॉलेज, संतपूरन दास नगर के आस्था सभागार में उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के 46वें प्रांतीय सम्मेलन में कही। उन्होंने प्रधानाचार्यों और शिक्षाविदों से स्वप्रेरणा के साथ आगे बढ़ने और अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

Updated on:
23 Aug 2026 09:18 am
Published on:
23 Aug 2026 09:16 am