उत्तर प्रदेश कैबिनेट विस्तार (Uttar Pradesh Cabinet Expansion) में पूजा पाल (Puja Pal) को जगह नहीं मिलने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Samajwadi Party National President Akhilesh Yadav) ने निशाना साधा है। अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने शायराना अंदाज में पूजा पाल पर तंज कसा है।
UP Cabinet Expansion: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) की अगुवाई वाली सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार (Cabinet Expansion) में 8 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली है। शपथ लेने वाले नेताओं में 6 नए लोग मंत्री बने हैं, जबकि 2 को प्रमोशन दिया गया है। उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार में पूर्व समाजवादी पार्टी की नेता एवं कौशांबी की चायल सीट से विधायक पूजा पाल (Chail MLA Pooja Pal) को जगह नहीं मिलने पर अखिलेश यादव ने (Akhilesh Yadav) कटाक्ष किया है।
कौशांबी की चायल सीट से विधायक पूजा पाल को यूपी कैबिनेट (UP Cabinet) में जगह नहीं मिलने पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने बागी नेताओं को 'भागी' कहकर तंज कसा है। सपा मुखिया ने कहा कि महिलाओं की बड़ी-बड़ी बात करने वाली भाजपा ने मंत्रिमंडल विस्तार मे पूजा पाल और अन्य 'भागी' विधायकों को जगह नहीं दी। उन्होंने शायराना अंदाज में कहा- जो धोखा देकर गए हैं, वो किसी के वफादार क्या होंगे? जो हमारे ना हो सके, वो आपके क्या होंगे?
उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार से पहले पूजा पाल की काफी चर्चा हो रही थी। पूजा पाल को मंत्रिमंडल में शामिल करने के कयास लगाए जा रहे थे। हालांकि, कैबिनेट विस्तार में पूजा पाल को जगह नहीं मिली। सूत्रों के मुताबिक, अंतिम क्षणों में पूजा पाल का नाम लिस्ट से काट दिया गया है। बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार (9 मई) को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नेताओं की लिस्ट सौंपी थी।
कौशांबी की चायल से विधायक पूजा पाल को पिछले साल समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने पार्टी से निष्कासित कर दिया था। पूजा पाल के पति राजू पाल की साल 2005 में हत्या कर दी गई थी। राजू पाल इलाहाबाद शहर पश्चिमी से BSP के विधायक थे। उन्होंने 2004 के उपचुनाव में माफिया अतीक अहमद के भाई और सपा उम्मीदवार अशरफ को हराया था। पति की हत्या के बाद पूजा पाल ने 2007 और 2012 के विधानसभा चुनाव में बसपा से जीत हासिल की थी।
पूजा पाल 2017 का चुनाव हारने के बाद सपा में शामिल हो गई थीं। साल 2022 विधानसभा चुनाव में पूजा पाल चायल से विधायक चुनी गईं। राज्यसभा चुनाव में बीजेपी के समर्थन में खड़े होने और CM योगी की तारीफ करने के बाद पूजा पाल की उनकी पार्टी में खटास बढ़ गई। इसके बाद पार्टी विरोधी गतिविधियों का हवाला देकर सपा ने 2025 में पूजा पाल को निष्कासित कर दिया।
यूपी कैबिनेट विस्तार में आज 8 नेताओं ने शपथ ली है। भूपेंद्र चौधरी, सपा से बागी मनोज पांडे, अजीत पाल, सोमेंद्र तोमर, कृष्णा पासवान, कैलाश सिंह राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा ने मंत्री पद की शपथ ली है। इन नेताओं में मौजूदा राज्य मंत्री अजीत सिंह और सोमेंद्र सिंह तोमर को प्रमोशन देकर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है।
अजीत सिंह पाल कानपुर देहात की सिकंदरा सीट से विधायक हैं। उनका ओबीसी राजनीति में प्रभाव माना जाता है। वहीं, मेरठ दक्षिण से विधायक सोमेंद्र सिंह तोमर पश्चिमी यूपी में भाजपा के मजबूत नेताओं में गिने जाते हैं। संगठन और सरकार में सक्रिय भूमिका के चलते भाजपा नेतृत्व ने उनके कद में इजाफा किया है। यूपी कैबिनेट विस्तार में शपथ लेने वाले कुल 8 नेताओं में से 4 नए चेहरे हैं। नए चेहरों में कृष्णा पासवान, कैलाश सिंह राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा शामिल हैं।