
Uttar Pradesh Congress Electoral Performance: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत तेज है। कांग्रेस इस बार प्रदेश में करीब 180 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, लेकिन सपा इतनी सीटें देने के लिए तैयार नहीं है। ऐसे में दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर सहमति बनना अहम होगा। हालांकि, कांग्रेस के पिछले विधानसभा चुनावों का रिकॉर्ड देखें तो पार्टी की स्थिति लगातार कमजोर हुई है। साल 1996 में 33 सीटें जीतने वाली कांग्रेस साल 2022 में सिर्फ 2 सीटों पर सिमट गई थी।
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का सियासी ग्राफ पिछले ढाई दशक में लगातार नीचे आया है। साल 1996 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ गठबंधन करके 126 सीटों पर चुनाव लड़ा था। इनमें से 33 सीटों पर जीत मिली थी।
इसके बाद साल 2002 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 25 और 2007 में 22 सीटें जीतीं। साल 2012 में पार्टी ने 28 सीटों पर जीत दर्ज की। जो पिछले कई चुनावों में उसका सबसे अच्छा प्रदर्शन था। इसके बाद पार्टी की स्थिति तेजी से कमजोर हुई। साल 2017 में कांग्रेस को सिर्फ 7 सीटें मिलीं। वहीं, साल 2022 के विधानसभा चुनाव में 399 सीटों पर उम्मीदवार उतारने के बावजूद पार्टी महज 2 सीटें जीत सकी।
साल 1996 का विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के लिए अहम रहा था। उस समय पार्टी ने मायावती की बसपा के साथ गठबंधन किया था। दोनों दलों की कोशिश मुस्लिम और दलित वोटों को एक साथ लाने की थी।
गठबंधन के तहत कांग्रेस ने 126 सीटों पर चुनाव लड़ा और 33 सीटें जीतीं। वहीं, बसपा ने 296 सीटों पर उम्मीदवार उतारे और 67 सीटों पर जीत हासिल की। बसपा को 19.64 प्रतिशत वोट मिले थे। उस समय तक बसपा कांग्रेस के दलित वोट बैंक में अपनी जगह बना चुकी थी।
| चुनाव | वोट शेयर |
|---|---|
| 2012 | 11.65% |
| 2017 | 6.25% |
| 2022 | 2.33% |
साल 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने गठबंधन किया था। उस समय अखिलेश यादव का अपने चाचा के साथ सत्ता को लेकर विवाद चल रहा था। इसके बाद दोनों दलों ने साथ चुनाव लड़ने का फैसला किया। गठबंधन ने 'यूपी को ये साथ पसंद है' नारे के साथ प्रचार किया। अखिलेश यादव और राहुल गांधी को 'यूपी के लड़के' के रूप में पेश किया गया। सीटों के बंटवारे में सपा ने 311 और कांग्रेस ने 114 सीटों पर उम्मीदवार उतारे।
लेकिन यह गठबंधन चुनाव में सफल नहीं रहा। दोनों पार्टियों को मिलाकर सिर्फ 54 सीटें मिलीं। इनमें सपा ने 47 और कांग्रेस ने 7 सीटें जीतीं। कांग्रेस का वोट प्रतिशत भी घटकर 6.25 प्रतिशत रह गया। दूसरी तरफ बीजेपी ने 300 से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाई।
साल 2017 की हार के बाद सपा और कांग्रेस ने साल 2022 का विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ने का फैसला किया। कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी वाड्रा ने चुनाव प्रचार की कमान संभाली। पार्टी ने 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' नारे के साथ महिलाओं को केंद्र में रखकर प्रचार किया। कांग्रेस ने 399 सीटों पर उम्मीदवार उतारे, लेकिन जीत सिर्फ दो सीटों पर मिली। वोट शेयर भी घटकर 2.33 प्रतिशत रह गया।
विधानसभा चुनावों में लगातार कमजोर प्रदर्शन के बाद साल 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस फिर साथ आए। दोनों दलों के बीच सीटों का बंटवारा हुआ। सपा ने 62 और कांग्रेस ने 17 सीटों पर चुनाव लड़ा। इस चुनाव में सपा को 37 और कांग्रेस को 6 सीटों पर जीत मिली। गठबंधन ने कुल 43 सीटें हासिल कीं। वहीं, 2019 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 62 सीटें जीतने वाली बीजेपी 2024 में 33 सीटों पर सिमट गई।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बातचीत जारी है। कांग्रेस की ओर से 180 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताए जाने की खबरें सामने आई हैं। हालांकि, सपा इतनी सीटें देने के लिए तैयार नहीं बताई जा रही है।