सूबे के डिप्टी सीएम डॉ.दिनेश शर्मा द्वारा माता सीता पर दिए गए बयान पर विवाद शुरू हो गया है...
लखनऊ. सूबे के डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा द्वारा माता सीता पर दिए गए बयान पर विवाद शुरू हो गया है। उन्होंने सीता माता को टेस्ट ट्यूब बेबी बताया था जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनको जमकर ट्रोल किया गया। विपक्षी दलों ने भी इसकी जमकर आलोचना की है। सपा प्रवक्ता पंखुड़ी पाठक ने कहा कि ये सब ध्यान भटकाने की बातें हैं। कैराना-नूरपुर में इतनी बड़ी हार हुई है उससे ध्यान भटकाने की लगातार बीजेपी कोशिश कर रही है। इनकी सोच का भी स्तर पता चलता है। ये सारे बयान मीडिया की अटेंशन पाने के लिए आते हैं। डॉ. शर्मा से तो ऐसी उम्मीद नहीं थी।
उन्होंने ट्वीटर पर लिखा- ''मैं सोचती थी तीन में से एक मुख्यमंत्री तो थोड़े ठीक हैं लेकिन इन्होंने भी मुँह खोलते ही अपना मानसिक स्तर दिखा दिया । किसी और को test tube में घुसा देते , आपको हमारी सीता माता ही मिली थी ? @drdineshbjp आपसे तो ऐसी उम्मीद नहीं थी।
वहीं सपा एमएलसी सुनील सिंह साजन ने ट्वीटर पर लिखा- भाजपा के बुद्धि जीवियों में एक खास क़िस्म का वायरस पाया जाने लगा है! अभी कुछ दिनों पहले त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लव देव महाभारत युग में इटनेरनेट खोज लिए थे! आज यूपी के उपमुख्यमंत्री माता सीता को टेस्टट्यूब बेबी बता रहे हैं! श्री राम को बेचने वालों की बुद्धि प्रभु ने हर ली है!
कांग्रेस ने भी घेरा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दिनेश शर्मा के इस बयान पर कांग्रेस ने भी बीजेपी पर सवाल उठाए हैं।कांग्रेस प्रवक्ता जीशान अंसारी ने कहा है कि बीजेपी में बिप्लब देव से लेकर दिनेश शर्मा तक जिस तरह की बातें कर रहे हैं इससे अर्थ का अनर्थ हो रहा है। ये जानबूझ कर इस तरह के बयान दे रहे हैं ताकि कोई असल मुद्दे पर चर्चा न करे। अगर यही कांग्रेस के किसी नेता ने बयान दिया होता तो अब तक हाए तौबा मच गया होता। बीजेपी वाले जनता को भड़काने लग जाते। ये असल मुद्दे पर नहीं हिंदुत्व केे एजेंड पर चलने वाले लोग हैं लेकिन अब पूजनीय माता सीता के बारे में ही ऐसे बयान दे रहे हैं।
जानें क्या बोले थे डॉ.दिनेश शर्मा
एक कार्यक्रम के दौरान डॉ.दिनेश शर्मा ने कहा था कि सीता जी का जन्म एक घड़े से होने का भी जिक्र है जो आज की टेस्ट ट्यूब बेबी टेक्नोलॉजी रही होगी। उन्होंने राजधानी में आयोजित इंडिया स्किल्स रीजनल कॉम्पिटिशन के दौरान अपने संबोधन में ये बातें कहीं। उनके मुताबिक, जनक जी के हल चलाने पर जमीन से एक घड़ा निकला और उसमें सीता जी निकलीं। वह कहीं न कहीं टेस्ट ट्यूब बेबी जैसी टेक्नोलॉजी रही होगी।
उन्होंने कार्यक्रम के दौरान ये भी दावा किया कि मोतियाबिंद का ऑपरेशन, प्लास्टिक सर्जरी, गुरुत्वाकर्षण सिद्धांत, परमाणु परीक्षण और इंटरनेट जैसी तमाम आधुनिक प्रक्रियाएं पौराणिक काल में ही शुरू हो गई थीं। उनके मुताबिक, महाभारत काल में युद्ध के दौरान संजय द्वारा धृतराष्ट्र को महल में बैठे-बैठे युद्ध के मैदान का आंखों देखा हाल सुना या जाता था। यह आज के समय टीवी पर होने वाला सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) नहीं है तो और क्या है। उन्होंने राजधानी में आयोजित इंडिया स्किल्स रीजनल कॉम्पिटिशन के दौरान अपने संबोधन में ये बातें कहीं। उनका ये बयान सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है।