वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए भ्रष्टाचार और खराब व्यवस्था के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन और ट्रिपल इंजन की सरकारें नाकाम साबित हो रही हैं। राजपूत ने आरोप लगाया कि दलितों को पेशाब पीने के लिए मजबूर किया जा रहा है, एक्सप्रेसवे पर लगातार गड्ढे हो रहे हैं और जलभराव वाले इलाकों में लोग पानी के बीच रहने को मजबूर हैं। उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे और कानपुर एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए कहा कि वहां लोगों को पंखे लगाकर सुखाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि 90 किलोमीटर के लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण पर 8,000 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं, जबकि 300 किलोमीटर का एक्सप्रेसवे केवल 11,000 करोड़ रुपये में बनाया गया था। राजपूत ने बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार चरम पर पहुंचने और लखनऊ के लोगों की समस्याओं की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया।