लखनऊ

यूपी चुनाव 2027: आगरा में 2022 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जीती थीं सभी 9 सीटें, अब विपक्ष के सामने वापसी की चुनौती; जानें 9 सीटों का पूरा गणित

UP Assembly Election 2027: आगरा जिले में विधानसभा की 9 सीटें हैं। 2022 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सभी 9 सीटों पर जीत दर्ज की थी। जलिए समझते हैं हर सीट का वोट गणित, जीत का अंतर और 2027 के चुनाव में भाजपा व विपक्ष के सामने क्या चुनौतियां हैं।
3 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 1:56 PM IST
BJP
बीजेपी (Photo: IANS/File)

UPAgra Assembly Seats Results 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच आगरा जिले की सियासी तस्वीर पर भी अब सभी की नजरें टिक गई हैं। जिले में विधानसभा की कुल 9 सीटें हैं और 2022 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने सभी सीटों पर क्लीन स्वीप करते हुए शानदार जीत दर्ज की थी। भाजपा ने एत्मादपुर से लेकर बाह तक अपना कब्जा जमाया था। 2017 के चुनाव में भी भाजपा ने यहां की सभी 9 सीटें जीती थीं। अब 2027 में भाजपा के सामने अपना यह पुराना प्रदर्शन दोहराने की चुनौती होगी वहीं, विपक्ष के लिए यहां अपनी जमीन मजबूत करना अहम होगा।

आगरा में कौन-कौन सी हैं 9 विधानसभा सीटें?

आगरा जिले में एत्मादपुर, आगरा कैंट, आगरा दक्षिण, आगरा उत्तर, आगरा ग्रामीण, फतेहपुर सीकरी, खेरागढ़, फतेहाबाद और बाह विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इनमें आगरा कैंट और आगरा ग्रामीण सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।

1. एत्मादपुर: यहां भाजपा के धर्मपाल सिंह ने बसपा के प्रबल प्रताप सिंह को 47,924 वोटों से करारी शिकस्त दी थी।

2. आगरा कैंट: इस आरक्षित सीट पर भाजपा के जीएस धर्मेश ने सपा के कुंवर चंद को 48,697 वोटों के अंतर से हराया था।

3. आगरा दक्षिण: भाजपा के योगेंद्र उपाध्याय ने सपा के विनय अग्रवाल को 56,640 वोटों के बड़े अंतर से मात दी थी।

4. आगरा उत्तर: इस सीट पर भाजपा को जिले की सबसे बड़ी जीत मिली थी। पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने बसपा के शब्बीर अब्बास को 1,12,370 वोटों से हराया था।

5. आगरा ग्रामीण: इस आरक्षित सीट पर भाजपा की बेबी रानी मौर्य ने बसपा की किरण प्रभा केसरी को 76,608 वोटों से हराया था।

6. फतेहपुर सीकरी: भाजपा के चौधरी बाबूलाल ने रालोद के बृजेश चाहर को 47,269 वोटों से शिकस्त दी थी।

7. खेरागढ़: भाजपा के भगवान सिंह कुशवाहा ने कांग्रेस के रामनाथ सिंह सिकरवार को 36,497 वोटों से हराया था। यहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी।

8. फतेहाबाद: भाजपा के छोटे लाल वर्मा ने सपा की रूपाली दीक्षित को 53,235 वोटों से हराया था।

9. बाह: भाजपा की रानी पक्षालिका सिंह ने सपा के मधुसूदन शर्मा को 24,235 वोटों से हराया था। यह जिले में भाजपा की सबसे कम अंतर वाली जीत थी।

2024 के लोकसभा चुनाव में क्या रहा प्रदर्शन?

2024 के लोकसभा चुनाव में आगरा सीट से भाजपा के एसपी सिंह बघेल ने सपा के सुरेश चंद करदम को 2,71,294 वोटों के बड़े अंतर से हराया था। वहीं फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर भाजपा के राजकुमार चाहर ने कांग्रेस के रामनाथ सिंह सिकरवार को 43,405 वोटों से शिकस्त दी थी। इससे साफ है कि फतेहपुर सीकरी में मुकाबला काफी करीबी रहा था। 2022 में भाजपा ने सभी 9 सीटें जीती थीं। आगरा उत्तर में सबसे बड़ी जीत 1,12,370 वोटों से मिली, जबकि बाह में सबसे कम अंतर 24,235 वोट का रहा। 2027 में इन सीटों पर उम्मीदवारों और स्थानीय मुद्दों के आधार पर मुकाबले की दिशा तय होगी।

2027 के लिए भाजपा और विपक्ष की तैयारी

2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने अभी से संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। ब्रज क्षेत्र की 65 विधानसभा सीटों पर विस्तारक तैनात कर दिए गए हैं। दूसरी ओर सपा भी अपने PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समीकरण के जरिए जमीन मजबूत करने में जुटी है। ऐसे में आगरा की 9 सीटों पर मुकाबला केवल 2022 के नतीजों की पुनरावृत्ति नहीं होगा। भाजपा के सामने अपनी पिछली जीत कायम रखने की जिम्मेदारी होगी, जबकि विपक्ष के सामने सभी सीटों पर अपनी मजबूत दावेदारी पेश करने की चुनौती होगी।