
Congress Samajwadi Party Alliance: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों को लेकर चल रही खींचतान अब और चर्चा में आ गई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद लगातार सपा के सीट बंटवारे के तरीके पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं, अब सपा ने भी उनके बयानों पर प्रतिक्रिया देने से परहेज किया है। पार्टी प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने साफ कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान के बाद सपा इमरान मसूद की किसी बात पर टिप्पणी नहीं करना चाहती।
लखनऊ में सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद से जब इमरान मसूद के बयानों को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे के बयान के बाद उनकी पार्टी मसूद की किसी भी टिप्पणी पर कुछ नहीं कहना चाहती। उन्होंने यह भी कहा कि इमरान मसूद कांग्रेस के केवल एक सांसद हैं, जबकि कांग्रेस एक बड़ी पार्टी है और उसमें कई बड़े नेता हैं।
सपा प्रवक्ता का यह बयान ऐसे समय आया है, जब खरगे ने भी इमरान मसूद को बयान देने के बजाय जमीन पर काम करने की नसीहत दी थी। लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान खरगे ने कहा था कि वह मसूद को टीवी पर जोश के साथ अपनी बात रखते हुए देखते हैं, लेकिन नेताओं को सिर्फ बोलने के बजाय काम पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सभी नेताओं से मिलकर काम करने की अपील भी की थी।
कांग्रेस और सपा के बीच सीटों का बंटवारा अभी तय नहीं हुआ है। इसी बीच सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटें देने के प्रस्ताव की खबर सामने आई थी। इसके बाद इमरान मसूद ने नाराजगी जताते हुए सपा के रवैये पर सवाल उठाए थे।
मसूद ने कहा था कि कांग्रेस गठबंधन में बराबर की भागीदार है या फिर सपा की नौकर? उन्होंने यह भी साफ किया था कि कांग्रेस ऐसी सीटों पर चुनाव नहीं लड़ेगी, जहां जीतने की उम्मीद न हो। उनके मुताबिक, सीटों पर फैसला करने का अधिकार कांग्रेस के पास है।
विवाद उस समय और बढ़ गया, जब सपा ने विधानसभा चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। इसे लेकर भी कांग्रेस की ओर से सवाल उठाए गए।
एक तरफ दोनों दल बीजेपी के खिलाफ मिलकर चुनाव लड़ने की बात कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ सीटों को लेकर नेताओं के बयान अलग कहानी बयां कर रहे हैं। पहले इमरान मसूद ने सपा के रुख पर सवाल उठाए, फिर खरगे ने उन्हें नसीहत दी और अब सपा प्रवक्ता ने उनके बयानों पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है।
ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले कांग्रेस और सपा के बीच सीटों का बंटवारा आसान नहीं दिख रहा। बड़ा सवाल यह है कि दोनों दल आपसी नाराजगी दूर कर एक साथ चुनाव लड़ने की राह कैसे निकालेंगे।