
Congress SP Alliance: समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने पांच सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। इनमें सहारनपुर की बेहट और सहारनपुर सीट के अलावा कैराना, अमरोहा और ललितपुर शामिल हैं। खास बात यह है कि कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे पर बातचीत पूरी होने से पहले ही सपा ने अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। इस बीच अखिलेश यादव ने कांग्रेस को संदेश देते हुए कहा है कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा नहीं, बल्कि जीत के आधार पर सीटों का समायोजन होना चाहिए।
समाजवादी पार्टी की ओर से जारी पहली सूची में पांच प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने सहारनपुर की बेहट विधानसभा सीट से उमर अली खान और सहारनपुर सीट से आशु मलिक को टिकट दिया है। इसके अलावा शामली जिले की कैराना सीट से नाहिद हसन, अमरोहा विधानसभा सीट से महबूब अली और ललितपुर सीट से ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाया गया है।
इन पांच प्रत्याशियों में चार मौजूदा विधायक हैं। उमर अली खान, आशु मलिक, नाहिद हसन और महबूब अली पिछला विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। वहीं, ललितपुर सीट पर सपा ने इस बार नया चेहरा उतारा है।
सपा की पहली सूची में सहारनपुर की दो सीटों को शामिल करना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। सहारनपुर से कांग्रेस के इमरान मसूद लोकसभा सांसद हैं। ऐसे में सपा की ओर से बेहट और सहारनपुर सीट पर उम्मीदवार घोषित करने को कांग्रेस के लिए एक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
पिछले विधानसभा चुनाव में उमर अली खान ने बेहट सीट से भाजपा के नरेश सैनी को हराया था। उन्हें करीब 1,34,513 वोट मिले थे। वहीं, आशु मलिक ने सहारनपुर सीट पर भाजपा के जगपाल मलिक को हराकर जीत दर्ज की थी। उन्हें करीब 1,07,007 वोट मिले थे।
कैराना से नाहिद हसन ने भाजपा की मृगांका सिंह को हराया था। उन्हें 1,31,035 वोट मिले थे। अमरोहा से महबूब अली ने भाजपा के राम सिंह को हराकर 1,28,735 वोट हासिल किए थे।
ललितपुर सीट पर पिछली बार सपा ने रमेश कुशवाहा को टिकट दिया था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। भाजपा के रामरतन कुशवाहा यहां से विधायक बने थे। इस बार सपा ने ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाकर महिला और लोधी वोट समीकरण पर दांव लगाया है।
खबर अपडेट हो रही है