UP Assembly Election 2022 Updates: ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर पर संगठन सक्रिय, आओ रे, नौजवान गाओ रे गीत के नारे के साथ लग रही प्रभातफेरी
महेंद्र प्रताप सिंह
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. UP Assembly Election 2022 Updates- यूपी के जिलों में इन दिनों तिरंगा लिए कांग्रेसी प्रभातफेरियां निकाल रहे हैं। बिना चुनाव के अचानक सड़कों-गलियों में आओ रे, नौजवान गाओ रे गीत गाते जब कांग्रेसी निकलते हैं तो अचरज होता है। मंडलों में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन हो रहे हैं। लगभग 40 साल बाद कांग्रेस का ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर पर संगठन खड़ा किया जा रहा है। इन सभी कवायदों से लगता है सूबे की राजनीति में सियासत के मैदान से बाहर हो चुकी कांग्रेस एक बार फिर अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही है। यह अलग बात है कि इन तैयारियों के बावजूद कांग्रेस के गढ़ रायबरेली में उसे ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी नहीं मिल सका।
831 ब्लॉकों में संगठन
30 साल बाद यूपी में जिला-शहर कमेटियों के बाद ब्लॉक स्तर कांग्रेस संगठन खड़ा हुआ है। यूपी कांग्रेस के संगठन सचिव अनिल यादव के अनुसार 831 ब्लॉकों में संगठन पदाधिकारियों का पूरा ब्योरा ऑनलाइन उपलब्ध है। इसी तरह यूपी के 8134 न्याय पंचायतों में से 7675 में कांग्रेस संगठन खड़ा हो चुका है। कांग्रेसियों का कहना है कि 40 साल बाद न्याय पंचायत स्तर पर संगठन की गतिविधियां बढ़ी हैं। जिला अध्यक्षों से सीधे तौर पर ख़ुद प्रियंका गांधी बात कर रही हैं। और विधानसभा चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों के नाम मांग रही हैं।
चल रहा प्रशिक्षण शिविर
कांग्रेस का मंडल स्तर पर प्रशिक्षण शिविर भी चल रहा है। इसे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रियंका गांधी संबोधित कर रही हैं। बढ़ती महंगाई, गरीबी, कुपोषण, अपराध, लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन और संविधान व संवैधानिक संस्थाओं के समक्ष खड़ी चुनौतियों पर कांग्रेस चर्चा कर रही है।
कार्यकर्ताओं को इंतजार, प्रियंका यूपी में जमाएं डेरा
यूपी कांग्रेस के मीडिया संयोजक ललन कुमार कहते हैं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के यूपी आने का इंतजार है। माना जा रहा है कि इसी महीने प्रियंका गांधी लखनऊ आ जाएंगी और विधानसभा चुनावों तक यूपी में बनी रहेंगी।
खत्म होने की कगार पर कांग्रेस!
कांग्रेस यह तमाम कवायदें तब हैं जब संसद और विधानसभा से लेकर पंचायत चुनावों में पार्टी खत्म होने की कगार पर है। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव और ब्लॉक अध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस एक सीट भी नहीं जीत पायी। सबसे मजबूत किले रायबरेली में उसे ब्लॉक अध्यक्ष का प्रत्याशी ही ढूंढे नहीं मिला। जिले के 18 ब्लॉकों में प्रमुख बनाने के लिए दूसरी पार्टी के प्रत्याशियों को वॉकओवर दिया।
यह भी पढ़ें : बहराइच में बोले ओवैसी- हम सर्कस के जोकर नहीं रिंग मास्टर हैं, तुमको इशारों पर नचाएंगे
मिशन 2022 के लिए कांग्रेस की क्या तैयारी
प्रियंका गांधी यूपी में कांग्रेस से मुख्यमंत्री का चेहरा होंगी। इसकी घोषणा संभवत: सितंबर-अक्टूबर में हो सकती है। लेकिन, कांग्रेस का किसी पार्टी से गठबंधन होगा या नहीं होगा, इस परअभी कुछ नहीं कहा जा सकता।
यूपी में कांग्रेस की स्थिति
राज्यसभा सदस्य (वर्तमान)- 1
लोकसभा सदस्य (2019 चुनाव)- 1
विधानसभा सदस्य (2017 चुनाव)- 7
जिला पंचायत अध्यक्ष- 00
ब्लॉक प्रमुख अध्यक्ष-00
प्रियंका गांधी के नेतृत्व में यूपी में अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी : अंशू अवस्थी
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने कहा कि प्रियंका गांधी के प्रदेश का प्रभारी बनने के बाद कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। गांधी परिवार का सदस्य होने के नाते सभी पुराने कांग्रेस जन भी आत्मीय लगाव के साथ सक्रिय हुए हैं। कहा कि प्रियंका गांधी सबसे ज्यादा प्रदेश के प्रत्येक मुद्दे को उठा रही हैं और सरकार को घेर रही हैं और किसानों और नौजवानों के साथ महिलाओं के आत्म सम्मान के मुद्दों को उठा रही हैं। प्रदेश का युवा अब सपा, बसपा और भाजपा की सरकार को देख चुका है और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाकर परिवर्तन चाहता है। 2022 में कांग्रेस पार्टी प्रियंका गांधी के नेतृत्व में अपनी सरकार बनाएगी।