Uttar Pradesh Assembly Election 2022 : सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहाकि समाजवादी पार्टी अगर क्षेत्रीय व छोटी पार्टियों से समझौता कर ले तो चुनाव परिणाम बदल जाएगा
लखनऊ. Uttar Pradesh Assembly Election 2022- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्पष्ट कर दिया है कि वह बड़े दलों से गठबंधन नहीं करेंगे, लेकिन छोटे दलों के लिए रास्ता खुला है। राष्ट्रीय लोकदल, महान दल और जनवादी पार्टी से सपा का पहले से ही गठबंधन है। कई और छोटे दलों से गठबंधन की बात चल रही है। इस बीच 2017 में बीजेपी संग मिलकर चुनाव लड़ने वाली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी भी सपा के गठजोड़ में आने को लालायित है। उन्होंने कहाकि विपक्षी दलों के गठजोड़ में उनका पहला विकल्प समाजवादी पार्टी है और फिर बसपा व कांग्रेस। कहा कि सपा अगर क्षेत्रीय व छोटी पार्टियों से समझौता कर ले तो चुनाव परिणाम बदल जाएगा। केवल सुभासपा संग समौझते से मऊ, बलिया, गाजीपुर, आजमगढ़, जौनपुर, आंबेडकरनगर आदि जिलों में बीजेपी को एक भी सीट नहीं मिलेगी। बनारस में सिर्फ दो सीट पर लड़ाई रहेगी।
अखिलेश यादव पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही सहयोगी दलों के प्रमुख नेताओं संग लगातार बैठकें कर रहे हैं। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी और जनवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय चौहान से चुनावी मंथन चल रहा है। इसी क्रम में रविवार को समाजवादी पार्टी के मुख्यालय पर महान दल के साथ बैठक हुई, जिसमें सपा प्रमुख अखिलेश यादव और महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्य शामिल हुए। इस दौरान दोनों नेताओं ने मिशन 2022 की तैयारियों पर मंथन किया। अखिलेश ने केशव देव मौर्य से भी चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। कहा, आपके सहयोग से यूपी में बहुमत की सरकार बनाना है। इस दौरान अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहाकि असली केशव देव मौर्य हमारे पास हैं। सरकार बनते ही सबसे पहले जातीय जनगणना की जाएगी।