
CJP March Row: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने जंतर-मंतर से संसद तक निकाले गए मार्च और विपक्ष की राजनीति पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष युवाओं को गुमराह करने का काम कर रहा है और लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध हमेशा संविधान और कानून के दायरे में होना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने सोनम वांगचुक के आंदोलन, ऊर्जा क्षेत्र में भारत की प्रगति, वंदे मातरम विधेयक और राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
जंतर-मंतर से संसद तक निकाले गए मार्च पर टिप्पणी करते हुए संजय निषाद ने कहा कि विपक्षी दल बिना दिशा वाली मिसाइल की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह शादी में बिना बुलाए मेहमान पहुंच जाते हैं, उसी तरह विपक्ष भी मुद्दों को भटकाने की कोशिश करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लगातार युवाओं को भ्रमित कर रहा है। उनके मुताबिक, विपक्षी नेताओं को राजनीतिक प्रशिक्षण लेना चाहिए ताकि वे जनता के बीच सकारात्मक राजनीति कर सकें।
सोनम वांगचुक की मांगों और आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय निषाद ने कहा कि वह एक बुद्धिजीवी व्यक्ति हैं, लेकिन उन्हें ऐसे लोगों के साथ नहीं जुड़ना चाहिए जिससे उनकी सुरक्षा पर खतरा पैदा हो। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का विरोध लोकतांत्रिक तरीके से होना चाहिए और सरकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है। साथ ही उन्होंने विपक्ष पर गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों से भटकने का आरोप भी लगाया।
संजय निषाद ने कहा कि राजनीति का मूल उद्देश्य जनता के हितों की रक्षा करना और उनके लिए बेहतर कानून बनाना है। लोकतंत्र में चुने हुए जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता की आवाज को मजबूती से उठाएं। उन्होंने कहा कि राजनीति एक अभिभावक की तरह होती है, जिसका दायित्व जनता के संसाधनों और अधिकारों की रक्षा करना है। उनके अनुसार, स्वस्थ सोच और मजबूत सरकार ही जनहित में प्रभावी कानून बना सकती है।
PM नरेंद्र मोदी के युवाओं और स्टार्टअप को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय निषाद ने कहा कि भारत ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य उसी देश का होगा जिसके पास पर्याप्त ऊर्जा संसाधन होंगे। हाइड्रोजन ऊर्जा जैसी नई तकनीकें भारत को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी और देश की विकास यात्रा को नई गति देंगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा वंदे मातरम से जुड़े विधेयक लाए जाने का स्वागत करते हुए संजय निषाद ने कहा कि यह राष्ट्रवाद से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए योगदान देने वाले सभी राष्ट्रवादियों और स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान होना चाहिए। ऐसे प्रयासों का समर्थन किया जाना चाहिए जो राष्ट्रहित और देशभक्ति की भावना को मजबूत करें।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट के समक्ष एसआईटी रिपोर्ट पेश किए जाने पर संजय निषाद ने कहा कि यह पूरी तरह संवैधानिक प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा सच्चाई सामने लाने की बात की है। मंत्री ने कहा कि अब SIT की रिपोर्ट न्यायालय के पास है और उसे सार्वजनिक किया जाए या नहीं, इसका निर्णय अदालत ही करेगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर कोई गलती हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होगी और सभी पक्षों को न्यायालय के फैसले का सम्मान करना चाहिए।