लखनऊ

UP Panchayat Chunav 2021 : बाहुबली, दस्यु सुंदरी, मॉडल ही नहीं चार बार के सांसद भी बनना चाहते हैं ‘प्रधान’

UP Panchayat Chunav 2021 : पहले चरण के लिए नामांकन शुरू, 15 अप्रैल को मतदान

3 min read
Apr 03, 2021
UP Panchayat Chunav

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. UP Panchayat Chunav 2021. यूपी पंचायत चुनाव 2021 का बिगुल बज चुका है। शनिवार से पहले चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस चरण के लिए प्रदेश के 18 जिलों में 15 अप्रैल को मतदान होगा। पंचायत चुनाव में इस बार जहां चार बार सांसदी लड़ चुके 'माननीय' चुनाव मैदान में हैं वहीं, 16 वर्ष तक जेल की सजा काट चुकी दस्यु सुंदरी सुरेखा दिवाकर भी घर-घर जाकर वोट मांग रही हैं। जौनपुर के बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला सिंह ने शनिवार को नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। जिला पंचायत सदस्य बनने के लिए फेमिना मिस इंडिया रनरअप रहीं मॉडल दीक्षा सिंह भी गांव की गलियों में घूम रही हैं। खास ही नहीं तमाम आम लोग भी चुनाव मैदान में हैं जो पहली बार 'प्रधान' बनने को हर जतन कर रहे हैं। अभी मतदाता सभी का स्वागत कर रहे हैं, लेकिन उनके 'मन की बात' वही जानें।

4 बार सांसद व 3 बार रहे विधायक भी लड़ेंगे पंचायत चुनाव
बाराबंकी से चार बार सांसद व तीन बार विधायक रहे राम सागर रावत अब जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव मैदान में हैं। मुलायम सिंह यादव व अखिलेश यादव के करीबी नेताओं में शुमार रामसागर की नजर जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर है। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सिद्धौर (चतुर्थ) क्षेत्र से वह जिला पंचायत सदस्य पद पर चुनाव लड़ेंगे।

14 साल जेल में रही दस्यु सुंदरी अब घर-घर मांग रही वोट
इटावा के बदनपुरा गांव में ग्राम प्रधान पद के लिए पूर्व दस्यु सुंदरी सुरेखा दिवाकर मैदान में हैं। सुरेखा जिसके नाम से लोगों के हलक सूख जाते थे, अब घर-घर जाकर लोगों के सामने हाथ जोड़कर वोट मांग रही हैं। उन्हें विश्वास है कि इस बार वह निश्चित ही ग्राम प्रधान का चुनाव जीतेंगी। सुरेखा पांच लाख के इनामी रहे कुख्यात डकैत सलीम पहलवान उर्फ सलीम गुर्जर की पत्नी हैं। 5 साल के बागी जीवन में सुरेखा पर जालौन के उरई में 11, भिंड में 3 और इटावा जनपद में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे होने की वजह से उसे 14 साल जेल में बिताने पड़े। इसके बाद अदालत ने उसे सभी मुकदमों से बरी कर दिया है।

आम से खास बनीं पिंकी गौतम, फिर चुनाव मैदान में
रामपुर जिला एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार भी वहज राजनीतिक ही है, लेकिन केंद्र में आजम खां नहीं हैं, बल्कि पिंकी गौतम हैं। एमए और बीएड तक पढ़ाई कर चुकीं पिंकी बीते पंचायत चुनाव में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए पिंकी चुनी गई थीं। कार्यकाल के बीच में जब तत्कालीन ग्राम प्रधान भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे को पिंकी को प्रधान की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब एक बार फिर वह जनपद की तहसील टांडा की ग्राम सेटा खेड़ा से ग्राम प्रधान कैंडिडेट के रूप में चुनाव मैदान में हैं।

मिस इंडिया रनर अप लड़ेगी पंचायत चुनाव
वर्ष 2015 में फेमिना मिस इंडिया रनरअप रहीं दीक्षा सिंह पॉलिटिक्स में उतरने जा रही है। इस बार जिला पंचायत चुनाव वह अपने गृह जनपद जौनपुर से लड़ेगी। वार्ड संख्या 26 बक्शा से जिला पंचायत सदस्य के लिए उन्होंने पर्चा खरीदा है। मॉडलिंग कर रहीं दीक्षा ने फिल्मों से लेकर वेब सीरीज और कॉमर्शियल ऐड्स में भी काम किया है। इसके अलावा उन्होंने बॉलीवुड फिल्मों के लिए स्क्रिप्ट भी लिखी है। उनकी एक बड़े बैनर की वेब सीरीज भी जल्द आने वाली है।

बाहुबली धनंजय सिंह की पत्नी भी मैदान में
जौनपुर से बाहुबली धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला सिंह चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने सिकरारा विकास खंड के वार्ड 45 से जिला पंचायत सदस्य पद के लिए पर्चा भर दिया। शनिवार को उन्होंने अपने प्रस्तावक एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू के साथ कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी भू राजस्व के कार्यालय में जाकर नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। कलेक्ट्रेट गेट के बाहर उनके समर्थकों की भीड़ लगी रही। इससे पहले श्रीकला ने जौनपुर की मल्हनी विधानसभा सीट के उपचुनाव में भी पर्चा दाखिल किया था, लेकिन बाद में उन्‍होंने अपना नामांकन वापस ले लिया था।

Published on:
03 Apr 2021 07:27 pm
Also Read
View All